श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के खिलाफ FIR की तैयारी:AAP सांसद संजय सिंह ने की ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत 9 के खिलाफ FIR की मांग की, सभी को बताया धोखेबाज

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा राम मंदिर निर्माण के लिए खरीदी गई जमीन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इस बीच मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सदस्य व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। कोतवाली नगर में एफआईआर दर्ज न होने पर सांसद के वकील ने कोर्ट की शरण लेने की बात कही। बता दें, बीती 26 जून को सांसद ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने अयोध्या में हो रहे राम मंदिर निर्माण में व्यापक स्तर पर घोटाले की बात कही गई थी।

नगर कोतवाल को सौंपा शिकायती पत्र
आम आदमी पार्टी के लीगल सेल के यूपी अध्यक्ष और अधिवक्ता जेके शुक्ला ने नगर कोतवाल सुरेश पांडेय को शिकायती पत्र सौंपा है। इसमें सभी नौ आरोपियों पर एफआईआर की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, ट्रस्टी अनिल कुमार मिश्रा, ट्रस्ट महासचिव चंपत राय, हरीश पाठक, कुसुम पाठक, सुल्तान अंसारी, रवि मोहन तिवारी, एसबी सिंह, उप पंजीयक, सदर अयोध्या व दीप नारायण अयोध्या समेत अन्य कई अज्ञात ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, धन की हेराफेरी और मनी लांड्रिंग की है।

शिकायती पत्र में करोड़ों भक्तों के दिए गए दान की रकम को हड़पने का आरोप
आरोप लगाया गया है कि भाजपा से अयोध्या के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय इस जमीन के सौदे में शामिल रहे और गवाह भी हैं। इसमें करोड़ों भक्तों के दिए गए दान को हड़पा गया। उपाध्याय एक जनसेवक भी हैं। जिन्होंने इस जमीन के सौदे से धोखे से रकम कमाने के लिए अपने पद का गलत इस्तेमाल किया। जिसमें रिश्तेदार आरोपी दीप नारायण की मदद भी ली गई। सर्किल रेट से कम दाम में भूखंड खरीदकर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की मदद से राम मंदिर ट्रस्ट को ऊंचे दाम पर बेचा गया।

आप सांसद संजय सिंह ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को लिखा था पत्र
बता दें, बीती 26 जून को आप सांसद संजय सिंह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखकर उनसे मिलने के लिए समय मांगा था। पत्र में उन्होंने अयोध्या में हो रहे राम मंदिर निर्माण में व्यापक स्तर पर घोटाले की बात कही गई थी। संजय सिंह ने कहा था कि वे मोहन भागवत से मिलकर श्रीराम मंदिर ट्रस्ट बोर्ड द्वारा भूमि खरीद के मामले में हो रही अनियमितता की जानकारी देना चाहते हैं। उनके पास इस घोटाले से जुड़े अहम दस्तावेज मौजूद हैं, वे उन्हें मोहन भागवत को देकर इस मामले पर उन्हें सच्चाई बताना चाहते हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह
आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह

आप सांसद ने की थी CBI और ED से जांच कराने की मांग
आप सांसद संजय सिंह ने भी अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करा रहे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी जांच सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से कराने की मांग की थी। संजय सिंह ने कहा था कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने संस्था के सदस्य अनिल मिश्रा की मदद से दो करोड़ रुपए कीमत की जमीन 18 करोड़ रुपए में खरीदी। यह सीधे-सीधे मनी लांड्रिंग का मामला है। सरकार इसकी सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय से जांच कराए।

क्या है जमीन खरीद पर विवाद?
दरअसल, आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री रहे पवन पांडेय ने आरोप लगाए हैं कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय ने दो करोड़ रुपए की कीमत वाली भूमि 18.5 करोड़ रुपए में खरीदी। इसे धनशोधन का मामला बताते हुए सिंह और पांडेय ने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय से जांच करवाने की मांग की है।

5 फरवरी 2020 को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन
केंद्र सरकार ने अयोध्या के राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आधार पर 5 फरवरी 2020 को एक गजट अधिसूचना के जरिए राम मंदिर निर्माण के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन किया था। श्रीराम के करोड़ों भक्तों ने अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण के लिए ट्रस्ट को चंदा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *