कानपुर में रेप का आरोपी भाजयुमो नेता गिरफ्तार
अधिवक्ता की नाबालिग बेटी से नजदीकियां बढ़ाकर किया रेप, वीडियो रिकॉर्ड कर करता था ब्लैकमेल; 2 साल तक टॉर्चर झेलने के बाद टूटा सब्र
नाबालिग से रेप में फंसे भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय कार्य समिति के सदस्य विवेक निगम को कानपुर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। विवेक के खिलाफ एक अधिवक्ता की बेटी ने ब्लैकमेल करके दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए किदवई नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेक को उसके एक रिश्तेदार के घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने पर भाजयुमो नेता को दबिश देकर दबोचा
मामला किदवई नगर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित छात्रा के अधिवक्ता पिता का आरोप है कि दो साल से भारतीय जनता युवा मोर्चा का नेता विवेक निगम उनकी बेटी को ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। भाजपा नेता की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद अधिवक्ता पिता ने आरोपी भाजयुमो नेता के खिलाफ किदवई नगर थाने में दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट और ब्लैकमेलिंग समेत अन्य धाराओं में पिछले महीने 2 जून को एफआईआर दर्ज कराई थी।
घर आने-जाने के दौरान बढ़ाई थी नजदीकी, फिर किया दुष्कर्म
अधिवक्ता के घर पर भाजयुमो के क्षेत्रीय कार्य समिति सदस्य विवेक निगम का मुकदमों के सिलसिले में उनके घर आना-जाना था। आरोप है कि इस दौरान विवेक निगम ने 11वीं में पढ़ने वाली उनकी नाबालिग बेटी को झांसे में लेकर नजदीकी बढ़ाई और 2019 में उसे अपने घर बुलाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं उसका वीडियो बना लिया और ब्लैकमेल करके लगातार उसके साथ संबंध बनाए थे।
सर्विलांस की मदद से दबिश देकर आरोपी को दबोचा
किदवई नगर थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच में छात्रा के आरोप सही पाए गए हैं। मजिस्ट्रेट बयान में भी छात्रा ने आरोपी के खिलाफ बयान दिया है। इसके बाद आरोपी को सर्विलांस की मदद से दबिश देकर एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।