राजस्थान के बेरोजगारों ने UP में शुरू किया अनशन …… 22 सूत्री मांगों को लेकर खुले आसमान के नीचे बिताई सर्द रात, उपेन बोले- अब तो जागे सरकार

राजस्थान के बेरोजगारों का विरोध अब बढ़ने लगा है। 22 सूत्री मांगों को लेकर UP अनशन करने पहुंचे बेरोजगारों को शनिवार रात खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी है। जिसमें बड़ी संख्या में महिला बेरोजगार भी शामिल है। इस दौरान सर्दी की वजह से काफी बेरोजगार बीमार हो गए। लेकिन अब तक राजस्थान सरकार ने बेरोजगारों को बातचीत के लिए नहीं बुलाया है। वहीं बेरोजगारों का कहना है कि इस बार हम सिर्फ आश्वासन से नहीं बल्कि आदेश के बाद ही अपना आंदोलन खत्म करेंगे।

UP में अनशन पर बैठे बेरोजगार।
UP में अनशन पर बैठे बेरोजगार।

राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा कि बीती रात खुले आसमान में सोने की वजह से काफी बेरोजगार बीमार हो गए हैं। लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा अब तक बेरोजगारों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसकी वजह से मजबूरन राजस्थान के बेरोजगारों को उत्तर प्रदेश आना पड़ा है। ताकि कांग्रेस के आला नेताओं को राजस्थान सरकार की कारगुजारी के बारे में बताया जा सके।

उपेन ने कहा कि राजस्थान की बेरोजगारों ने नवरात्रि से लेकर दीपावली तक धरना स्थल पर मनाया है। लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। बल्कि कांग्रेस के नेताओं ने हमें झूठे आश्वासन दिए। लेकिन इस बार बेरोजगार किसी आश्वासन में नहीं, बल्कि आदेश लेकर ही राजस्थान वापस लौटेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार बेरोजगार आर-पार की लड़ाई के मूड में यूपी पहुंचे हैं। ऐसे में या तो हम जीतेंगे या फिर हम मरेंगे।

बेरोजगारों की प्रमुख मांगे

  • नर्सिंग भर्ती 2013 के वंचित अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए।
  • प्रयोगशाला सहायक भर्ती 2018 चिकित्सा विभाग की चयन सूची जल्द से जल्द जारी की जाए।
  • स्कूल व्याख्याता भर्ती 2018 में कम किए गए 689 पद जल्द से जल्द जोड़कर सूची जारी की जाए।
  • रीट शिक्षक भर्ती 2021 में 5000 पदों पर विशेष शिक्षकों के पद निकाले जाए।
  • रीट शिक्षक भर्ती 2021 में 31000 से बढ़ाकर 50000 किया जाए।
  • शिक्षक भर्ती 2012 मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ताओं के पक्ष में प्रार्थना पत्र दिया जाए।
  • रीट शिक्षक भर्ती 2018 को जल्द से जल्द पूरी की जाए।
  • पंचायती राज एलडीसी भर्ती 2013 का नियुक्ति प्रक्रिया का कैलेंडर जल्द से जल्द जारी किया जाए।
  • टेक्निकल हेल्पर,पंचायतराज JEN, कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती, फर्स्ट ग्रेड,सेकंड ग्रेड,
  • (पीटीआई भर्ती के 461पदों की संख्या बढ़ाकर 2000 पदों पर ) की विज्ञप्तिया जल्द से जल्द जारी की जाए।
  • नीमराणा कमलादेवी परीक्षा केंद्र पर दर्ज 6 बेरोजगार अभ्यर्थियों के मुकदमे वापस ले जाए।
  • प्रतियोगी परीक्षा में गैर जमानती कानून का अध्यादेश जल्द से जल्द लाया जाए।
  • चिकित्सा विभाग में नई भर्तियों की विज्ञप्तिया जल्द से जल्द जारी की जाए।
  • बाहरी राज्यों का कोटा कम करके प्रदेश के बेरोजगारों को प्राथमिकता दी जाए।
  • प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र गृह जिले में एवं परीक्षा केंद्र सरकारी स्कूलों में दिया जाए और सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए।
  • प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में बायोमेट्रिक वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से करवाई जाए।
खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *