फिरोजाबाद की राजनीति से निकले 3 मुख्यमंत्री …. रामनरेश, मुलायम और अखिलेश यहां से लड़ चुके हैं चुनाव, कभी हुआ करता था सपा का गढ़

उत्तर प्रदेश की राजनीति में फिरोजाबाद का अपना अलग योगदान है। इस जिले की राजनीति ने प्रदेश को 3 मुख्यमंत्री दिए हैं। रामनरेश यादव, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव इस जिले से चुनाव लड़ चुके हैं। तीनों ही जीतकर मुख्यमंत्री बने। इस जिले को यादवों का गढ़ इसलिए ही कहा जाता था।

वर्ष 1989 में बना था फिरोजाबाद जिला

5 फरवरी 1989 को फिरोजाबाद जिला बनने के बाद शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र इस जिले का हिस्सा बन गया। इससे पहले मैनपुरी जिले का हिस्सा रहते हुए इस विधानसभा की जनता ने 1985 के चुनाव में रामनरेश यादव को निर्दलीय एकतरफा चुनाव जिताने का काम किया था।

वह 1988 तक शिकोहाबाद से विधायक रहे। विधानसभा के चुनाव में रामनरेश यादव को 47,327 मत मिले थे, जबकि प्रतिद्वंदी कांग्रेस के निहाल सिंह यादव को मात्र 17,573 मत ही मिल पाए थे। रामनरेश यादव को इस दौरान प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला था।

1993 में विधायक बने थे मुलायम सिंह यादव

फिरोजाबाद की शिकोहाबाद विधानसभा से ही सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी वर्ष 1993 में विधानसभा का चुनाव लड़े थे। वह 1995 तक विधायक रहे। मुलायम सिंह यादव ने इस चुनाव में 55,249 मत हासिल किए। उन्होंने अशोक यादव को 15,691 मतों से हराया। इस चुनाव को जीतकर वह दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।

सपा जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र चंचल ने बताया, समाजवादी पार्टी का गठन करने के बाद पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव शिकोहाबाद विधानसभा से चुनाव जीतने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद वर्ष 2009 में मुलायम सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थे और चुनाव जीते। इस तरह प्रदेश के 3 मुख्यमंत्री फिरोजाबाद जिले की राजनीति से निकलकर सर्वोच्च कुर्सी तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *