फिरोजाबाद में है आगरा जोन का सबसे बड़ा थाना …..

आने वाले दिनों में कम होंगी चौकियां, रजावली में बन रहा नया थाना, इसी माह पूरा हो जाएगा निर्माण…..

आगरा जोन में फिरोजाबाद जिले का नारखी सबसे बड़ा थाना है। पुलिस चौकियां अब कम हो जाएंगी। रजावली में बन रहे नए थाने में इन्हें शामिल किया जाएगा। थाने की इमारत इसी महीने बन कर तैयार हो जाएगी। इसके बाद फरियादियों को आसानी से न्याय मिल सकेगा।

10 थानों के बॉर्डर को छूती हैं थाने की सीमाएं
नारखी थाने को यूं ही बड़ा नहीं कहा जाता है। इसका क्षेत्र आस-पास के दस थानों के बार्डर को छूता है और तीन जिलों की सीमाओं से इस थाने की सीमा से लगती हैं। दस चौकियाें वाले नारखी थाना क्षेत्र में 94 गांव पड़ते हैं, इनके 112 मजरा अलग से हैं। स्थिति ये है कि गोथुआ गांव में अगर कोई वारदात हो तो थाने से पुलिस के पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा समय लगता है। आगरा के बरहन थाने के बार्डर पर स्थित गांव गोथुआ पहुंचने के लिए नारखी की पुलिस एटा के सकरौली थाने के सामने से गुजरती है। वहीं नगला अखई में 14 किमी की दूरी तय करने वाली पुलिस फरिहा थाने के सामने से गुजरती है, जबकि फरिहा से नगला अखई की दूरी मात्र एक से डेढ़ किमी है।

जिला जेल भी नारखी क्षेत्र में
नारखी थाना क्षेत्र में जिला जेल, मेडिकल कालेज, स्टेडियम, कांच उद्योग विकास केंद्र भी आता है। इस समस्या को देखते हुए अब इस क्षेत्र में नए थाने का निर्माण किया जा रहा है। नया थाना रजावली चौराहा पर बनाया जा रहा है। इसकी तीन मंजिला इमारत तैयार है। माना जा रहा है कि इसी महीने यह थाना शुरू हो सकता है। इसे लेकर सीओ अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि थाने पर काम चल रहा है। जल्द ही इस रजावली थाने को शुरू करा दिया जाएगा। इसके बाद फरियादियों को काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्हें किसी भी शिकायत के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। पूरे जोन में नारखी से बड़ा कोई थाना नहीं है। इसलिए नया थाना बनाने का प्रस्ताव काफी पहले भेजा गया था। 7.70 करोड़ की लागत से नए थाने की इमारत बन रही है। जो इसी महीने हैंडओवर होने की उम्मीद है।

थाने की स्थिति एक नजर में
01 प्रभारी
15 उपनिरीक्षक
37 हैडकांस्टेबल के सापेक्ष तैनात हैं 24
186 कांस्टेबल के सापेक्ष तैनात हैं 52
05 महिला कांस्टेबल के सापेक्ष तैनात हैं 12
04 पुलिस वाहन हैं।

नया थाना बनने के बाद स्थिति
04 चौकी हो जाएंगी कम। रजावली, नगला बीच, तजापुर एवं बछगांव चौकी नए थाना क्षेत्र में शामिल होने की चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *