सतना में थाने में घुसकर पुलिसकर्मी को मारी गोली … 30 हजार का इनाम !
आरोपी ने थाने में घुसकर हेड कॉन्स्टेबल को गोली मारी, पुलिस ने रखा 30 हजार का इनाम
सतना के जैतवारा थाना परिसर में शातिर बदमाश आदर्श शर्मा उर्फ लच्छू ने प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को कट्टे से गोली मार दी। घटना ड्यूटी के दौरान बैरक में हुई। आरक्षक की हालत सामान्य है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित की गई हैं। इनाम घोषित हुआ है।

- जैतवारा थाना में प्रधान आरक्षक पर हमला।
- आरोपी पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।
- गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें आरोपी के पीछे।
सतना। सतना जिले के जैतवारा थाना के अंदर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए अपराधी ने देसी तमंचा (कट्टे) से प्रधान आरक्षक को गोली मार दी। गोली प्रधान आरक्षक के कंधे में लगी। उन्हें भर्ती कराया गया है।
यह घटना सोमवार-मंगलवार देर रात करीब एक बजे अंजाम दी गई। प्रधान आरक्षक ड्यूटी के दौरान बैरक में बैठे थे। गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार हमलावर आदर्श शर्मा उर्फ लच्छू शातिर अपराधी है। वह चोरी समेत कई गंभीर अपराधों में लिप्त रहा। पुलिस कार्रवाई से खफा होकर उसने प्रधान आरक्षक को मारने के इरादे से गोली मारी। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमों का गठन कर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
प्रधान आरक्षक की हालत सामान्य
- प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग थाना परिसर स्थित बैरक में ड्यूटी से फुरसत होने के बाद भोजन पकाने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान कमरे के बाहर से शोर की आवाज आई। देखा तो सामने मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक खड़ा था। उसने कट्टे से उन पर फायर कर दिया। गोली उनके कंधे के पास लगी।
- हमला करने के बाद आदर्श उर्फ लच्छू फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर अन्य साथी दौड़े और घायल प्रधान आरक्षक को जिला अस्पताल के बाद रीवा के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सीएमओ यत्नेश त्रिपाठी के मुताबिक ऑपरेशन के बाद जवान की हालत सामान्य है। किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है।
- पुलिस के अनुसार हमलावर आदर्श शर्मा (लच्छू) पुराना बदमाश है। उस पर सभापुर थाना क्षेत्र में पहले से कई मामले दर्ज हैं। वह चोरी के एक मामले में फरार था। उसकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे थे। संभवत: इस कारण वह पुलिस से नाराज था। प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग भी सभापुर थाने में तैनात रहे हैं। दो माह पूर्व ही उनका तबादला जैतवार थाना में हुआ है।