प्रियंका गांधी बोलीं- 225 महीनों की सरकार में 250 घोटाले!
प्रियंका गांधी बोलीं- 225 महीनों की सरकार में 250 घोटाले
मंडला में कहा- MP में आदिवासियों पर अत्याचार का कोई मुकाबला नहीं
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मंडला में कहा, मध्यप्रदेश में भाजपा की 225 महीने से सरकार है, ढाई सौ घोटाले हैं। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए कहा- प्रदेश में आदिवासियों पर जो अत्याचार हो रहे हैं, उसका कोई मुकाबला नहीं है। भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त हैं।
प्रियंका गांधी के भाषण की 7 खास बातें…
इतने घोटाले, अब सरकार बदलने का समय: मप्र में भाजपा की 225 महीने से सरकार है, ढाई सौ घोटाले हैं। 18 साल से सरकार है, 22 हजार घोषणाएं की हैं। मंडला-जबलपुर सड़क 10 साल में नहीं बना पाए। इतने सारे घोटाले हैं.. बच्चों के पोषण में घोटाला, मिड डे मील में घोटाला, सर्व शिक्षा अभियान में घोटाला, स्कॉलरशिप में घोटाला, भर्ती परीक्षा में घोटाला। ऐसे में बेचारा नौजवान करे क्या? फीस भरकर तैयारी करता है, परीक्षा देता है फिर क्या होता है। उसमें घोटाला हो जाता है।
अजा-अजजा के बैकलॉग पदों पर तत्काल भर्ती : किसानों का कर्ज माफ करेंगे। 100 रुपए में पहले जैसे 100 यूनिट बिजली देंगे। 200 यूनिट पर आधा बिल। हम पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे। गैस का सिलेंडर 500 में मिलेगा। महिलाओं के खाते में 1500 रुपए। 5 हार्स पावर सिंचाई तक बिजली मुफ्त। ओबीसी आरक्षण 27% तक रहेगा। जाति जनगणना कराएंगे। जहां 50% से अधिक आदिवासी हैं, वहां छठीं अनुसूची डाली जाएगी। अजा-अजजा के बैकलॉग पदों पर तत्काल भर्ती की जाएगी।
बच्चों की शिक्षा पहली से 12वीं तक नि:शुल्क: बच्चों की शिक्षा पहली से 12वीं तक नि:शुल्क दी जाएगी। इसका नाम पढ़ो और पढ़ाओ योजना हाेगा। कक्षा एक से आठ तक बच्चों को पांच सौ, नौवीं से दसवीं तक एक हजार रुपए दिए जाएंगे। ग्यारहवीं से बारहवीं तक ये हर महीने पंद्रह सौ रुपए मिलेंगे।
आपको जूते-छाते दे रहे हैं, बोनस नहीं दे रहे: क्या आपको पता है कि तेंदूपत्ता देने का काम इंदिराजी ने शुरू किया था। ये आपको जूते-चप्पल और छाते देकर चुप करा रहे हैं, ताकि आप बोनस नहीं मांगें। ये बोनस नहीं दे रहे हैं। उसमें कमीशन होगा। आप ही बताइए क्या जूता-चप्पल, छाते से आपका सम्मान जुड़ा है? क्या आपका सम्मान मेहनत से नहीं जुड़ा है? कांग्रेस की सोच है आपकी मेहनत आपका सम्मान है। हमारी सरकार आने पर आपको तेंदूपत्ता का बोनस देंगे।
छत्तीसगढ़ की तरह पेसा कानून लागू होगा: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। पिछले दिनों मैं बस्तर गई थी। वहां आज तेंदूपत्ता के लिए प्रति बोरा 4000 रुपए मिलते हैं। छत्तीसगढ़ की सरकार ने आदिवासी क्षेत्र को वहां ब्रांड बना दिया है। उनकी चीजें दिल्ली में भी बेची जाती हैं। यहां भी सरकार आएगी तो तेंदूपत्ता के लिए 4000 रुपए दिए जाएंगे। छत्तीसगढ़ की तरह पेसा कानून लागू होगा।
भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त रहे: डेढ़ लाख महिलाएं और बच्चियां गायब हो गईं। प्रदेश में हर रोज 17 बलात्कार हो रहे हैं। आदिवासियों पर जो अत्याचार बरसाए जा रहे हैं उनका कोई मुकाबला नहीं है। आपको रोजगार नहीं मिल रहे हैं। भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त रहे हैं। धर्म और जाति की बात होती है, जिसमें आपके जज्बात जुड़े होते हैं। मैं कहती हूं आप मेरी बातों में भी न आएं। अपने अनुभव पर भरोसा करें।
जाति जनगणना इसलिए क्योंकि न्याय दिलवाना चाहते हैं : जाति जनगणना से पता चलेगा कि ओबीसी, दलित, अजा, अजजा के कितने लोग हैं। केंद्र में भाजपा सरकार इस पर बात करना नहीं चाहती। हम कह रहे हैं देश में गिनती करो, तभी हमें पता चलेगा कि इनके साथ न्याय हो रहा है या नहीं। बिहार में गिनती की गई। 84% लोग ओबीसी और अजजा के हैं। जिनकी आबादी ज्यादा है उनको पद नहीं मिल रहे हैं। ये गिनती इसलिए नहीं करवा रहे क्योंकि न्याय देना नहीं चाहते। हम गिनती चाहते हैं, क्योंकि हम न्याय देना चाहते हैं।

कमलनाथ बोले- शिवराज ने घर-घर शराब दी
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- शिवराज सिंह जी आपने दिया क्या? आपने महंगाई दी, भ्रष्टाचार दिया, बेरोजगारी दी, घर-घर में शराब दी। हम विश्व आदिवासी दिवस का उत्सव मनाएंगे। बैकलॉग भर्ती करेंगे। गांव में बर्तन बैंक बनाएंगे। वन अपराध के सभी केस हम वापस लेंगे। इन्होंने 3200 पट्टों को स्वीकृत नहीं किया, कांग्रेस की सरकार आएगी मैं आपकी समिति बनाऊंगा। उन्होंने कहा- कांग्रेस सरकार किसानों की सरकार है। मैं कहता हूं आप निराश नहीं होंगे।