अमेरिका: कैपिटल बिल्ड़िग में हुई हिंसा में घायल पुलिस अधिकारी की मौत, मृतकों की संख्या 5 हुई
अमेरिकी संसद भवन में बुधवार को ट्रंप समर्थकों के प्रदर्शन में हुई हिंसा में घायल एक पुलिस अधिकारी की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसके साथ ही हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। यूएस कैपिटल पुलिस के अधिकारी ब्रायन डी सिकनिक बुधवार को प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में घायल हो गए थे। इसके बाद सिकनिक अपने कार्यालय लौटे जहां वह बेहोश हो गए।
यूएस कैपिटल पुलिस ने गुरुवार देर रात जारी बयान में कहा कि सिकनिक को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इसमें यह भी बताया गया कि सिकनिक ड्यूटी के दौरान घायल हुए थे तथा रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी मौत हो गई। बयान में बताया गया कि सिकनिक की मौत की जांच मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग, यूएससीपी और संघीय एजेंसियां करेंगी।
कांग्रेस सदस्य लॉयड डॉगेट ने गुरुवार को ट्वीट किया, ‘कल हुए दंगों में घायल यूएस कैपिटल पुलिस के एक अधिकारी की मौत हो गई। ट्रंप के विद्रोह भड़काने के कारण अब तक पांच लोगों की मौत हो गई। जवाबदेही तय की जानी चाहिए।’ कैपिटल में ट्रंप समर्थकों के हिंसक धावा बोलने के कारण कम से कम 50 पुलिस अधिकारी घायल हो गए थे जिनमें से 15 को गंभीर चोटें आईं थीं।