राज्यसभा की 11 सीटों के लिए नामांकन आज से …
भाजपा को 7 और सपा को 3 सीटें मिलेंगी; एक सीट पर टक्कर, समझिए वोटों का गणित….
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटों पर चुनाव के लिए आज से नामांकन दाखिल होंगे। केंद्रीय चुनाव आयोग के मुताबिक, इन 11 सीटों के लिए 31 मई तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। एक जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और तीन जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 10 जून को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और शाम 5 बजे से मतगणना होगी।
राज्यसभा की यूपी से 11 सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल चार जुलाई को खत्म हो रहा है। इनमें पांच भाजपा, तीन सपा, दो बसपा और कांग्रेस के एक सदस्य शामिल हैं।
11 में से 8 सीटों के लिए भाजपा की तैयारी
राज्यसभा की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में भाजपा को सात और सपा को तीन सीटें मिलना तय माना जा रहा है। विधानसभा में वोटों के गणित से एक सीट के लिए भाजपा और सपा दोनों जोर लगा सकते हैं। विधानसभा में भाजपा गठबंधन के 273 और सपा गठबंधन के 125 विधायक हैं। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक और कांग्रेस के दो-दो तथा बसपा का एक विधायक है।
ऐसे में माना जा रहा है कि जनसत्ता दल के दो विधायकों का समर्थन भाजपा को मिल सकता है और भाजपा 8वीं सीट अपने पाले में कर सकती है। कांग्रेस और बसपा का किसी भी दल से गठबंधन नहीं होने से दोनों दल चुनाव से बाहर रह सकते हैं।
नाराज विधायकों को साथ रखना सपा के लिए चुनौती
राज्यसभा चुनावों में सपा के लिए अपने नाराज विधायकों को एकजुट रखना बड़ी चुनौती होगी। राज्यसभा जाने की मंशा रखने वाले पार्टी नेताओं को भी पार्टी में बनाए रखना अखिलेश यादव के लिए एक बड़ी चुनौती है। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से सपा में शिवापाल और आजम खान की नाराजगी एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। शिवपाल यादव तो सपा पर आजम खान की अनदेखी करने का आरोप लगा चुके हैं। विधायकों की बैठक में न बुलाए जाने से भी वह लगातार पार्टी से नाराज चल रहे हैं।
राज्यसभा चुनाव में वोटों का गणित
- यूपी में विधानसभा की 403 और राज्यसभा की 31 सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी गठबंधन को 273, सपा के 124, बसपा का 1 और कांग्रेस के 2 सदस्य हैं।
- राज्यसभा सदस्य के निर्वाचन का अधिकार विधानसभा सदस्य को होता है। यूपी में 403 विधानसभा सीटें हैं और राज्यसभा के चुनाव 11 सीटों के लिए होने हैं।
- राज्यसभा चुनाव का फॉर्मूला है- (खाली सीटें + एक) कुल योग से विधानसभा की सदस्य संख्या से भाग देना। इसका जो जवाब आए उसमें भी एक जोड़ने पर जो संख्या होती है। उतने ही वोट एक सदस्य को राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए चाहिए।
- यूपी की सदस्य संख्या 403 है। खाली सीट 11+1= 12 । 403/ 12= 33.58 । 33.58 +1= 34.63
- यूपी राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए एक सदस्य को औसतन 35 विधायकों का समर्थन चाहिए।