यमुना एक्सप्रेसवे : पिछले 5 वर्षों में 2470 सड़क हादसों में 670 लोग गवां चुके हैं अपनी जान
यमुना एक्सप्रेसवे पर वर्ष 2022 में हादसों में आई कमी …
हादसों का एक्सप्रेस वे कहे जाने वाले यमुना एक्सप्रेस वे पर वर्ष 2022 में हादसों में कमी आई है। पिछले वर्ष जनवरी से लेकर दिसंबर तक यमुना एक्सप्रेस वे पर कुल 318 सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें 106 लोगों ने अपनी जान गवाई है और करीब 690 लोग घायल हुए हैं। वहीं वर्ष 2021 में 424 सड़क हादसों हुए थे और 136 लोगों की जान गई थी। इस दौरान 958 लोग घायल हुए थे।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों के मुकाबले पिछले वर्ष 2022 में यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसों में कमी आई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सड़क सुरक्षा को लेकर मीटिंग की थी तो कई तरह के निर्देश उस दौरान दिए गए थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर भी हादसों को कम करने को लेकर कई कार्य कराने के निर्देश गए। जिसके तहत हमारे द्वारा यमुना एक्सप्रेसवे वे पर 18 कार्य तुरंत करा दिए गए, जिनमें करीब 108 करोड़ रुपए खर्च किये गए।
आईआईटी के रिकमेंडेशन पर हुआ कार्य
अरुणवीर सिंह ने बताया कि आईआईटी के रिकमेंडेशन से जो चीजें बताई गई थी, वह कार्य यमुना एक्सप्रेस वे पर कराए गए। उसी का नतीजा है कि हादसों में यमुना एक्सप्रेस वे पर कमी आनी शुरू हो गई है। इस वर्ष पहले की अपेक्षा काफी कम सड़क हादसे हुए हैं। आगे भी यमुना एक्सप्रेस में अभी काफी काम कराया जाएगा।

मई महीने में हुई सबसे ज्यादा सड़क हादसे
यमुना एक्सप्रेस वे पर सबसे ज्यादा सड़क हादसे कोहरे के चलते सर्दियों में होते हैं, लेकिन इस वर्ष सबसे ज्यादा सड़क हादसे मई महीने में हुए हैं। मई 2022 में करीब 38 सड़क हादसे हुए जिनमें 21 लोगों ने अपनी जान गवाई, वहीं इस वर्ष दिसंबर 2022 में 28 सड़क हादसे हुए जिनमें 4 लोगों ने अपनी जान गवाई। जबकि जनवरी 2022 में 14 सड़क हादसे हुए जिनमें 8 लोगों ने अपनी जान गवाई।
670 लोग गवां चुके हैं सड़क हादसे में अपनी जान
यमुना एक्सप्रेस वे पर पिछले 5 वर्षों में 2018 से लेकर 2022 तक कुल 2470 सड़क हादसे हुए हैं , इन सड़क हादसों में 670 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। वही पिछले 5 वर्षों में 5353 लोग सड़क हादसों में घायल हुए हैं।
यमुना एक्सप्रेस वे पर हुए पिछले 5 वर्षों में हुए हादसे
वर्ष | हादसे | मौत | घायल |
2022 | 318 | 106 | 690 |
2021 | 424 | 136 | 958 |
2020 | 509 | 122 | 1015 |
2019 | 560 | 195 | 1302 |
2018 | 659 | 111 | 1318 |