रोडवेज बसों में 100 किमी का सफर 25 रुपए महंगा …!

UP में प्रति किलोमीटर 25 पैसे की बढ़ोतरी, निगम 210 करोड़ के घाटे में …

यूपी में परिवहन निगम ने रोडवेज बसों का किराया बढ़ा दिया है। सोमवार की देर रात से निगम ने नई दरें लागू कर दी हैं। अब नई दरों के हिसाब से ही रोडवेज बसों में यात्रियों से किराया लिया जाएगा। सोमवार की रात 12 बजे के बाद से परिवहन निगम ने अलग-अलग रूट पर साधारण बसों का किराया प्रति किलोमीटर 25 पैसे के हिसाब से बढ़ा दिया है। अब 1.30 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से साधारण बसों में यात्री से किराया लिया जाएगा।

100 किमी पर देना होगा 25 रुपए ज्यादा किराया
परिवहन निगम द्वारा किराया बढ़ाए जाने के बाद यात्रियों की जेब पर अधिक भार पड़ेगा। 100 किलोमीटर के लिए 25 रुपए अधिक किराया देना होगा। रोडवेज बसों में किराए की बढ़ोतरी तीन साल के बाद हुई है।

रोडवेज को 210 करोड़ हो चुका है घाटा
परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि इधर तीन साल से किराया न बढ़ने से निगम का घाटा दिसंबर 2022 तक 210 करोड़ हो चुका है। बीते 10 साल से बस यात्रियों पर किराए का बोझ साल दर साल बढ़ता रहा। बीते 10 साल से बस यात्रियों पर किराए का बोझ साल दर साल बढ़ता रहा। इसमें साल 2012 में चार पैसे प्रति किलोमीटर किराया बढ़ा था। इसी प्रकार 2013 में भी चार पैसे, 2014 में पांच पैसे, 2016 में सात पैसे, 2017 में नौ पैसे और 2020 में दस पैसे बढ़ा था। अब 2023 में 25 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर किराया बढ़ा है।

ये होंगी नई दरें
सामान्य बस: 1.05 रुपए प्रति किमी की जगह अब 1.30 रुपए।
वोल्वो: 2.32 रुपए प्रति किमी की जगह अब 2.57 रुपए।
जनरथ: 1.57 रुपए प्रति किमी की जगह अब 1.82 रुपए।
एसी स्लीपर: 2.10 रुपए प्रति किमी की जगह अब 2.35 रुपए।

प्रतिदिन 17 लाख लोग बस से सफर करते हैं
परिवहन निगम के प्रवक्ता अजीत सिंह ने बताया कि पिछले दिनों परिवहन मंत्री के साथ बैठक में इसको लेकर चर्चा हो चुकी हुई थी। परिवहन विभाग को पिछले एक साल में 210 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। इसके बाद यह फैसला लिया गया है। अगर, रेट नहीं बढ़ाया, तो यह घाटा 250 करोड़ रुपए तक बढ़ जाता है। प्रतिदिन 17 लाख लोग बस में सफर करते है। रोडवेज के पास 11200 बसें हैं।

सहारनपुर परिक्षेत्र में 578 बसों का बेडा

क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार का फाइल फोटो।
क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार का फाइल फोटो।

सहारनपुर परिवहन निगम परिक्षेत्र में सहारनपुर, छुटमलपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली, शामली और गंगोह डिपो हैं। इनमें करीब 578 बसों का बेडा है। परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ से रोडवेज बसों में किराया बढ़ोतरी के आदेश जारी हुए थे। इसके बाद रोडवेज अधिकारियों ने यह दरें सोमवार की देर रात 12 बजे के बाद से लागू कर दी है। हर यात्री से अब 1.30 रुपए प्रति किमी का किराया लिया जाएगा।

लखनऊ और दिल्ली जाने के लिए भी देना होगा अधिक किराया
साधारण बसों के अलावा जनरथ बसों में भी किराए की वृद्धि लागू हो गई है। सहारनपुर से देहरादून, दिल्ली, हरिद्वार, लखनऊ, अलीगढ़, आगरा, मेरठ, बुलंदशहर, अंबाला, शामली, ऋषिकेश आदि जगहों पर जाने के लिए यात्रियों को बढ़ा हुआ किराया देना होगा।

डीजल और स्पेयर पार्टस हुए महंगे
परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि किराए में बढ़ोतरी होने से परिवहन निगम को लाभ मिलेगा। क्योंकि पिछले कई सालों से डीजल सहित स्पेयर पार्टस के दाम बढ़े हैं। लेकिन, किराए में बढ़ोतरी नहीं हुई थी। किराए में बढ़ोतरी से रोडवेज को प्रति माह करोड़ों रुपए का लाभ पहुंचेगा। सहारनपुर परिवहन निगम परिक्षेत्र में छह डिपो आते हैं। इनमें सहारनपुर, छुटमलपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली, शामली और गंगोह हैं। जिनसे प्रति दिन 60 से 65 लाख रुपए की आय होती है।

सहारनपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार का कहना है कि परिवहन निगम की ओर से रोडवेज बसों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। ये दरें सोमवार की देर रात से लागू हो गया है। लंबे समय के बाद रोडवेज बसों के किराए में वृद्धि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *