ग्वालियर आज के अव्यवस्थित खानपान में सभी लोगों को आहार की गुणवत्ता पर ध्यान देने की आवश्यकता होती है। हम जिस तरह की चीजों का सेवन करते हैं उसका सेहत पर सीधा असर होता है। विशेषज्ञों का मानना है कि हमारे शरीर को सबसे ज्यादा नुकसान फास्ट और प्रोसेस्ड फूड्स से होता है। इस तरह की चीजें न सिर्फ तेजी से शरीर के वजन को बढ़ाने वाली हो सकती हैं, साथ ही इसके कारण कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों का खतरा भी हो सकता है। फास्ट फूड्स का शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की सेहत पर असर देखा जाता है। आइए जानते है की फास्ट फूड कैसे शरीर को नुकसान करता है ।

वजन बढ़ने का खतरा

फास्ट फूड्स के कारण जिन स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम सबसे अधिक होता है उनमें तेजी से वजन बढ़ना प्रमुख है। बर्गर, फ्राइज और तली भुनी चीजों में वसा, कैलोरी और अत्यधिक मात्रा में संसाधित कार्ब्स हो सकते हैं। अगर आप इसे अक्सर खाते हैं तो इससे वजन तेजी से बढ़ने का खतरा रहता है। वजन बढ़ने के कारण कई प्रकार की क्रोनिक स्वास्थ्य समस्याओं जैसे हृदय रोग और डायबिटीज का भी जोखिम हो सकता है।

डायबिटीज रोगियों के लिए घातक

फास्ट फूड्स और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों में कार्ब्स की मात्रा अधिक होती है, जिसे आपका शरीर शर्करा में तोड़ता है। शरीर में रक्त शर्करा का अनियंत्रित स्तर होना कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिमों को बढ़ाने वाला माना जाता है। समय के साथ लगातार बढ़े रहने वाली शर्करा की स्थिति इंसुलिन बनाने वाले अग्न्याशय के लिए दिक्कतों को बढ़ाने वाली हो सकती है।

बढ़ता है ब्लड प्रेशर

अगर आप फास्ट फूड्स का सेवन करते हैं तो यह आपके ब्लड प्रेशर को भी बढ़ाने वाली समस्या हो सकती है। इस तरह की चीजों में सोडियम की अधिकता होती है, जो सीधे तौर पर हाइपरटेंशन के प्रमुख कारणों में से एक है। बहुत अधिक सोडियम न सिर्फ आपके रक्तचाप को बढ़ाती है साथ ही इससे आपकी रक्त वाहिकाओं को भी नुकसान पहुंचाता है।