10 IAS के तबादले : MP में साल के आखिरी दिन बड़ी प्रशासनिक सर्जरी …

MP में साल के आखिरी दिन बड़ी प्रशासनिक सर्जरी …
10 IAS के तबादले, CM के गृह जिले के कलेक्टर-निगमायुक्त को हटाया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फील्ड में प्रशासनिक अफसरों की जमावट शुरू कर दी है। उज्जैन, बैतूल और नर्मदापुरम के कलेक्टर बदलने के साथ इसकी शुरुआत की गई है। प्रशासनिक लापरवाही के चलते हटाए गए गुना कलेक्टर की जगह नए कलेक्टर की पोस्टिंग की गई है। साथ ही जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी प्रमुख राजस्व आयुक्त संदीप यादव को सौंपी है।

साल के आखिरी दिन जारी तबादला आदेश में राज्य सरकार ने गुना से हटाए गए कलेक्टर तरुण राठी की जगह बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को गुना कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है। बतौर कलेक्टर ये उनकी दूसरी पोस्टिंग है। वे पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बेटे हैं। करीब 3 साल से बैतूल कलेक्टर हैं।

इसके साथ ही उज्जैन और नर्मदापुरम के कलेक्टर भी बदले गए हैं। नीरज कुमार सिंह उज्जैन कलेक्टर बनाए गए हैं, जबकि उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम को उपसचिव शासन बनाया है। बैतूल कलेक्टर की जिम्मेदारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को सौंपी गई है। सोनिया मीना को नर्मदापुरम की कलेक्टर बनाया गया है। उज्जैन नगर निगम आयुक्त रौशन कुमार सिंह को स्मार्ट सिटी CEO भोपाल बनाया है।

विवेक पोरवाल को CM सचिवालय से हटाया

राज्य शासन ने मुख्यमंत्री और विमानन विभाग के सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे विवेक पोरवाल को पिछले दिनों जनसंपर्क आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था। अब उन्हें मुख्यमंत्री के सचिव और आयुक्त जनसंपर्क की जिम्मेदारी से हटाते हुए प्रमुख राजस्व आयुक्त बनाया गया है। साथ ही उन्हें आयुक्त भू-अभिलेख की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उधर, प्रमुख राजस्व आयुक्त संदीप यादव को सचिव विमानन के साथ आयुक्त जनसंपर्क और माध्यम के प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी‌ गई है। दूसरी ओर जबलपुर नगर निगम आयुक्त स्वप्निल वानखेड़े को संस्थागत वित्त का ओएसडी बनाया है जबकि प्रीति यादव अब जबलपुर नगर निगम कमिश्नर होंगी।

दीपाली रस्तोगी को अतिरिक्त प्रभार

सामान्य प्रशासन विभाग से जारी आदेश में प्रमुख सचिव वाणिज्यिक कर दीपाली रस्तोगी को वर्तमान काम के साथ सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कल जारी आदेश में प्रमुख सचिव सहकारिता उमाकांत उमराव को सदस्य राजस्व मंडल बनाया गया था और स्मिता भारद्वाज को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। रस्तोगी के प्रभार संभालने के बाद स्मिता अतिरिक्त प्रभार सहकारिता विभाग से मुक्त होंगी। उधर स्वप्निल वानखेड़े के संस्थागत वित्त के ओएसडी का प्रभार संभालने के बाद बक्की कार्तिकेयन संचालक बजट अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।

उज्जैन में एक साल पूरा नहीं कर पाए कुमार पुरुषोत्तम

उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम एक साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए। शिवराज सरकार ने उन्हें 23 जनवरी 2023 को उज्जैन कलेक्टर बनाया था। इसके बाद जनवरी 2024 के पहले उन्हें हटाने के आदेश जारी कर दिए गए। उधर, उज्जैन में निगमायुक्त पदस्थ किए गए रौशन कुमार सिंह को महाकाल लोक के लोकार्पण के पहले सितंबर 2022 में पदस्थ किया था। तब वहां निगमायुक्त रहे अंशुल गुप्ता को अनियमितता के आरोप में हटाया था।

अब रौशन कुमार को हटाने के साथ राज्य शासन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और उज्जैन स्मार्ट सिटी के सीईओ आशीष पाठक को उज्जैन नगर निगम का आयुक्त बनाया है। पाठक सीईओ स्मार्ट सिटी की जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में संभालेंगे।

सूर्यवंशी को EC ने रतलाम कलेक्टर से हटाया था

बैतूल का नया कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को बनाया है। वे राज्य फार्म और बीज विकास निगम के एमडी हैं। सूर्यवंशी को चुनाव आयोग ने 11 अक्टूबर को जारी आदेश में रतलाम कलेक्टर के पद से हटा दिया था। उन पर निवाड़ी जिले में कलेक्टर रहने के दौरान हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने गड़बड़ी के आरोप लगाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *