‘BJP और मोदी के साथ लोगों ने किया विश्वासघात !
‘BJP और मोदी के साथ लोगों ने किया विश्वासघात’, शपथ समारोह में शामिल होने से पहले बोले स्वामी रामभद्राचार्य-VIDEO
स्वामी रामभद्राचार्य ने अयोध्या में बीजेपी की हार पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा। अपने मित्र नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर वह बहुत खुश हैं।
रामभद्राचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनना उनके लिए सबसे खुशी की बात है। नरेंद्र मोदी उनके मित्र हैं। वह एक कुशल प्रशासन तथा सफल प्रधानमंत्री हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या तथा आसपास के क्षेत्र में बीजेपी के चुनाव हारने से उन्हें बुरा लगा है। बीजेपी और मोदी के साथ लोगों ने विश्वासघात किया है, लेकिन सब धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा।
राम कथा से समय निकालकर शपथ समारोह में होंगे शामिल
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके मित्र हैं। उन्होंने अपने शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया है। इसलिए वह हरिद्वार में चल रही राम कथा के बीच में से समय निकालकर दिल्ली राष्ट्रपति भवन में उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इसके लिए वह बहुत खुश हैं।
हरिद्वार के कनखल में चल रही राम कथा
बता दें कि आजकल स्वामी रामभद्राचार्य जी की शिव की ससुराल कही जाने वाले कनखल में राम कथा चल रही है। यह राम कथा 15 जून तक चलेगी। राम कथा में से समय निकाल कर स्वामी रामभद्राचार्य दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। दिल्ली से वह सोमवार को वापस हरिद्वार लौटेंगे। इसके बाद फिर से कनखल में राम कथा सुनाएंगे।