महाराष्ट्र बंद: मुंबई में बस पर पथराव, तीन हजार से अधिक हिरासत में, एक घायल

नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) और  केंद्र सरकार की ‘गलत’ आर्थिक नीतियों के खिलाफ महाराष्ट्र में प्रकाश अम्बेडकर के नेतृत्व वाले वंचित बहुजन अगाड़ी (वीबीए) की ओर से आहूत भारत बंद में भाग लेने के लिए शुक्रवार को राज्य भर में 3000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। बंद के दौरान मुंबई में एक बेस्ट बस पर पत्थरबाजी की गई, जिससे बस का चालक घायल हो गया।

अधिकारियों ने कहा कि चेंबूर में बस पर पथराव किया गया, जिसमें चालक विलास बी. दाभाडे (53) घायल हो गए। हालांकि पथराव में यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। चालक को गोवंडी के शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वीबीए के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने अपने समर्थकों से सीएए, एनआरसी और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) का विरोध करने के लिए एक शांतिपूर्ण और अहिंसक बंद सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

वीबीए के राज्य प्रवक्ता सिद्धार्थ मोकले ने न्यूज एजेंसी यूनिवार्ता को बताया कि 100 से अधिक संगठनों के समर्थन के साथ बंद सफल रहा। पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि पुणे में प्रदर्शनकारियों ने दत्तवाड़ी इलाके और कोथरू में कुछ वाहनों पर पथराव किया। चेंबूर के पास मुंबई में राज्य परिवहन निगम के वाहनों पर पथराव की मामूली घटनाओं के अलावा अब तक कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आयी है। मोकले ने बताया कि लोगों और यातायात को प्रभावित किए बिना दिन के दौरान कुछ क्षेत्रों में प्रदर्शन होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सीएए को केंद्र जबरन लागू करने की कोशिश कर रहा है जबकि इसे लेकर देश में अशांति का माहौल है। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक दिवालियापन की राह पर है। नोटबंदी और जीएसटी के साथ देश में अविश्वास के माहौल के कारण सरकार को राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा। केंद्र की आर्थिक नीतियां गलत हैं और सरकार केवल इस तरह के कृत्यों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *