युवक ने मेयर के सामने फोन लगाया, दलाल ने ईई-अफसर के नाम से मांगी घूस !

मुरैना नगर निगम में गत मंगलवार को जनता दर्शन कार्यक्रम भ्रष्टाचार के लाइव खुलासे में बदल गया। भवन निर्माण अनुमति के लिए भटक रहे युवक पंकज राठौर ने मेयर के सामने ही उस व्यक्ति को फोन लगाया, जो उससे पैसे मांग रहा था। जैसे ही कॉल स्पीकर पर की गई। उधर से दलाल ने ईई से लेकर भवन अधिकारी तक के नाम से घूस मांगी। उसने पूरी रेट लिस्ट भी बताई।
पंकज ने बताया कि वह कई दिनों से अनुमति के लिए चक्कर लगा रहा है। आरोप है कि बिना पैसों के कोई फाइल आगे नहीं बढ़ा रहा। मेयर ने उसे मौके से ही फोन करने को कहा। पंकज ने कॉल लगाई तो दलाल ने 3 हजार रुपए खुद के लिए, 10 हजार रुपए शर्मा जी, 4 हजार किसी फोटो वाले भानू तोमर और 1 हजार रुपए किसी अजय परिहार के लिए मांगे।
इस तरह कुल 15 से 17 हजार रुपए घूस मांगी गई। इस पर हॉल में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। कॉल खत्म होने के बाद मेयर ने तुरंत कार्रवाई के लिए कहा। नगर निगम के आयुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे का कहना है कि जिस व्यक्ति से कॉल पर बात हुई, वह नगर निगम का कर्मचारी नहीं था।
वह कोई बाहरी दलाल है। यही नहीं, जिस युवक ने शिकायत की, उसका नगर निगम में कोई आवेदन नहीं है। ऐसे में वह बाहर ही किसी दलाल से बात कर रहा था। इसमें किसी नगर निगम कर्मचारी की भूमिका सामने नहीं आई है।

