मध्य प्रदेश

VIT के पानी में मिला बैक्टीरिया, 4 सैंपल फेल !

पीएचई की जांच रिपोर्ट में खुलासा:VIT के पानी में मिला बैक्टीरिया, 4 सैंपल फेल

वीआईटी कैंपस के हॉस्टल और कैंटीन के पानी में हानिकारक बैक्टिरिया पाए गए हैं। यह खुलासा पीएचई की जांच रिपोर्ट में हुआ है। पीएचई ने कैंपस से कुल 18 सैंपल लिए थे, जिनमें बोरवेल, ओवरहैड टैंक, टैंकर और हॉस्टल व कैंटीन में लगे आरओ शामिल थे। जांच में चार सैंपल फेल हुए हैं, जिनमें बैक्टिरिया मिला है। स्वास्थ्य विभाग अब यह जांच करेगा कि यह बैक्टिरिया किस हद तक नुकसान पहुंचा सकता है।

जिन चार स्थानों के सैंपल फेल हुए हैं, उनमें से तीन बॉयज हॉस्टल ब्लॉक-1 के हैं। इसी ब्लॉक में सबसे अधिक छात्र बीमार हुए थे। कई छात्र पीलिया और वायरल फीवर जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे। नाराज छात्रों ने सबसे अधिक तोड़फोड़ भी इसी ब्लॉक में की थी। छात्रों का आरोप है कि कैंटीन और हॉस्टल में खराब पानी और भोजन की शिकायत लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया।

लाखों रुपए फीस देने के बावजूद छात्रों को साफ पानी और भोजन नहीं मिला। मजबूरी में कई छात्र बोतलबंद पानी खरीदकर पी रहे थे। कैंटीन के दूषित पानी से तैयार खाना भी छात्रों को दिया जा रहा था।

छात्रों की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने 25 और 26 नवंबर की दरमियानी रात हुए बवाल से पहले तीन जगहों से पानी के सैंपल लिए थे। सीएमएचओ डॉ. सुधीर डेहरिया और डॉक्टरों की टीम ने छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया था। बवाल और प्रबंधन के गैर जिम्मेदाराना रवैये के बाद पीएचई ने कैंपस में 15 और जगहों से सैंपल लिए।

कुल 18 सैंपल की जांच में चार फेल हुए। इनमें बॉयज हॉस्टल ब्लॉक-1 की कैंटीन, आरपीएल बॉयज हॉस्टल के दो आरओ और मयूरी कैटरर कैंटीन का पानी शामिल है। ब्लॉक में दो हजार से अधिक छात्र रहते हैं और आरओ से मिलने वाला दूषित पानी ही उन्हें बीमार कर रहा था।

बैक्टीरिया कितना नुकसानदेह, जांच स्वास्थ्य विभाग करेगा…

वीआईटी कैंपस से पानी के 18 सैंपल लिए गए थे। चार सैंपल में बैक्टिरिया मिला है। ओवरहैड टैंक, बोरवेल, आरओ, टैंक और यहां सप्लाई टैंकर के पानी के सैंपल लिए थे। ये बैक्टिरिया मानव स्वास्थ्य के लिए कितना नुकसानदेह है, इसकी जांच स्वास्थ्य विभाग करेगा। -प्रदीप सक्सेना, कार्यपालन यंत्री, पीएचई, सीहोर पानी की सैंपल रिपोर्ट में 4 सैंपल में वैक्टीरिया पाए गए हैं। वीआईटी प्रबंधन को पत्र लिखकर निर्देशित किया गया है कि इनके निवारक उपाय किए जाएं। उपाय होने के बाद फिर से पानी के सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। -नितिन टाले, एसडीएम आष्टा

अभी हमें पानी के सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। यदि कहीं पर कोई कमी पाई जाती है तो एक्शन लेंगे। -केके नायर, रजिस्ट्रार वीआईटी

बैक्टीरियायुक्त पानी हानिकारक

यदि पानी में बैक्टीरिया पाए जाते हैं तो यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं। बैक्टीरिया युक्त पानी पीने से उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगती है। बुखार भी हाे सकता है। -डॉ. आरके वर्मा, एमडी, जिला अस्पताल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *