दिल्ली

इंडिगो की उड़ानों में देरी और रद्द होने की घटनाओं पर DGCA सख्त !

इंडिगो की उड़ानों में देरी और रद्द होने की घटनाओं पर DGCA सख्त; एयरलाइन से मांगा जवाब

DGCA says it is investigating situation of IndiGo flight disruptions, asks IndiGo to present facts

इंडिगो एयरलाइन का विमान – फोटो : ANI
देश की विमानन नियामक संस्था नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो एयरलाइन की उड़ानों में लगातार हो रही देरी और रद्दीकरण को लेकर जांच शुरू कर दी है। डीजीसीए ने कहा है कि वह स्थिति की बारीकी से समीक्षा कर रही है और ऐसे कदमों पर विचार कर रही है, जिनसे यात्रियों को हो रही असुविधा कम हो सके

इंडिगो से डीजीसीए ने मांगा पूरा विवरण
डीजीसीए की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इंडिगो को निर्देश दिया गया है कि वह मौजूदा व्यवधानों की वजहों का पूरा विवरण पेश करे। इसके साथ ही एयरलाइन से यह भी पूछा गया है कि वह स्थिति में सुधार के लिए क्या कदम उठा रही है।

एयरलाइन को बताने होंगे रद्दीकरण के वजह और आगे की योजना
नियामक ने साफ किया कि एयरलाइन को न केवल कारण बताने होंगे, बल्कि यह भी बताना होगा कि आगे ऐसा दोबारा न हो, इसके लिए उसकी योजना क्या है। हवाई यात्रियों की बढ़ती शिकायतों और सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो तथा प्रतिक्रिया को देखते हुए डीजीसीए इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

जरूरत पड़ने पर कड़े कदम उठाए जाएंगे- डीजीसीए
एविएशन सेक्टर में इंडिगो भारत की प्रमुख एयरलाइन मानी जाती है। ऐसे में उसकी उड़ानों में बार-बार हो रही गड़बड़ी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है- कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानें अचानक रद्द भी हुईं। डीजीसीए ने कहा कि वह स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर कड़े कदम उठाए जाएंगे ताकि समय पर उड़ान संचालन सुनिश्चित हो सके और यात्रियों का भरोसा बना रहे।

इंडिगो की कुल 1232 उड़ानें रद्द
इंडिगो ने हाल के परिचालन का सारांश प्रस्तुत किया – इस अवधि के दौरान कुल 1232 उड़ानें रद्द की गईं। इन रद्दीकरणों का एक बड़ा हिस्सा चालक दल/एफडीटीएल अनुपालन और हवाई अड्डे/हवाई क्षेत्र/एटीसी से संबंधित कारकों के कारण हुआ, जिनमें से कई ऑपरेटर के प्रत्यक्ष नियंत्रण से परे हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि नवंबर में कुल ओटीपी 67.70% रहा, जबकि अक्तूबर में यह 84.1% था।
 

नवंबर में बढ़ी उड़ानें रद्द होने की घटनाएं
डीजीसीए के मुताबिक नवंबर में कुल 1,232 उड़ानें रद्द हुईं। इसमें 755 उड़ानें क्रू और एफडीटीएल नियमों के चलते, 258 उड़ानें एयरपोर्ट/एयरस्पेस प्रतिबंध के कारण, 92 उड़ानें एटीसी सिस्टम में गड़बड़ी के कारण, 127 उड़ानें अन्य कारणों से रद्द हुईं।

इंडिगो ने माफी मांगी, 48 घंटे में सुधार का भरोसा
एयरलाइन ने कहा, ‘हमारी टीम लगातार काम कर रही है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो। अगले 48 घंटों में स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।’ प्रभावित यात्रियों को नई टिकट या रिफंड की सुविधा दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *