ट्रम्प की यौन अपराधी के साथ वाली फोटो गायब !!!!
अमेरिका के यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में से 16 फाइलें शनिवार देर रात वेबसाइट से गायब हो गईं हैं। रॉयटर्स के मुताबिक इन फाइलों में महिलाओं की पेंटिंग्स की तस्वीरें और एक फोटो शामिल थी, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जेफ्री एपस्टीन, मेलानिया ट्रम्प और गिस्लीन मैक्सवेल (एपस्टीन की गर्लफ्रेंड) साथ नजर आ रहे थे।
जस्टिस डिपार्टमेंट ने इन फाइलों के हटने को लेकर अब तक कोई सफाई नहीं दी है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि फाइलें जानबूझकर हटाई गईं या तकनीकी गलती के कारण गायब हुईं। अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी जांच के तहत शुक्रवार रात ढाई बजे (भारतीय समय के मुताबिक) तीन लाख दस्तावेज जारी कर दिए हैं।
इनमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, पॉप सिंगर माइकल जैक्सन जैसे दिग्गजों की तस्वीरें सामने आई, हालांकि रिकॉर्ड्स में डोनाल्ड ट्रम्प का नाम लगभग नहीं के बराबर पाया गया। जबकि फरवरी में जारी एपस्टीन के निजी जेट के फ्लाइट लॉग्स में ट्रम्प का नाम सामने आ चुका है।

कई पीड़ितों के इंटरव्यू और एपस्टीन के सजा की कॉपी जारी नहीं हुई
नए दस्तावेजों में खास तौर से एपस्टीन के न्यूयॉर्क और यूएस वर्जिन आइलैंड्स स्थित घरों की तस्वीरें थीं, साथ ही कुछ मशहूर हस्तियों और राजनेताओं की फोटो भी।
हालांकि, सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे कई पीड़ितों के FBI इंटरव्यू और न्याय विभाग के फैसले की कॉपी जहां एपस्टीन को सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों के बजाय सिर्फ छोटे राज्य स्तर के अपराध में सजा दिलाने का फैसला किया गया था, वे जारी नहीं किए गए।
इनकी कमी ने फिर से सवाल उठाए कि 2000 के दशक में अभियोजकों ने मामले को कैसे संभाला और एपस्टीन को हल्की सजा क्यों मिली। ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू जैसे अन्य बड़े नामों का भी इन दस्तावेजों में बहुत कम जिक्र था।
हाउस ओवरसाइट कमिटी के डेमोक्रेट सदस्यों ने ट्रम्प से जुड़ी तस्वीर के गायब होने पर सवाल उठाए और पूछा कि “और क्या छिपाया जा रहा है?” उन्होंने अमेरिकी जनता के लिए पूरी पारदर्शिता की मांग करते हुए न्याय विभाग पर कवर-अप के आरोप लगाए।

यौन पीड़ित बोली- यह रिलीज हमारे साथ अन्याय, पारदर्शिता की कमी
एपस्टीन की पीड़ितों और कानून बनाने वाले लोग लंबे समय से पूरी पारदर्शिता की मांग कर रहे थे, लेकिन जारी दस्तावेजों में काफी हिस्से ब्लैक आउट (रेडैक्टेड) थे।
एक 119 पेज का दस्तावेज पूरी तरह काला कर दिया गया था। न्याय विभाग ने कहा कि लाखों पेज के रिकॉर्ड्स हैं और पीड़ितों की पहचान छिपाने में समय लग रहा है, इसलिए दस्तावेज धीरे-धीरे जारी किए जाएंगे।
इस समय सीमा से पीड़ित और सांसद काफी निराश हैं। एपस्टीन की शुरुआती पीड़ितों में से एक जेस माइकल्स ने कहा, “न्याय विभाग फाइल जारी करने में भ्रष्टाचार और देरी से साबित कर रहे हैं कि वो कुछ छुपा रहे हैं।”
एक अन्य पीड़ित मरीना लार्सेडा ने कहा, “फोटो ज्यादातर बेकार हैं। हमें धोखा दिया गया है। हम इंतजार कर रहे थे कि सरकार जिन्हें बचा रही है उनके नाम सामने आए।’
एपस्टीन के जेट से यात्रा करते थे ट्रम्प
ट्रम्प ने हमेशा एपस्टीन के अपराधों से किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है और उनके खिलाफ इस मामले में कोई आरोप दर्ज नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ट्रम्प ने सात बार एपस्टीन के प्राइवेट जेट से ट्रैवल किया था। न्यूयार्क टाइम्स के मुताबिक ट्रम्प ने ये सफर 1993 से 1997 के बीच किया था।
हालांकि, ये उड़ानें ज्यादातर पाम बीच और न्यूयॉर्क के बीच थीं। ट्रम्प ने कहा था कि उन्होंने कभी एपस्टीन के प्राइवेट आइलैंड का टूर नहीं किया और न ही कोई गलत काम किया।

एपस्टीन के जिगरी दोस्त थे ट्रम्प
ट्रम्प और एपस्टीन की मुलाकात एक पार्टी में ही हुई थी। 2002 में ट्रम्प ने एक मैगजीन को दिए इंटरव्यू में कहा था-
मैं जेफ को 15 साल से जानता हूं, कमाल का आदमी है। हम दोनों को कम उम्र की खूबसूरत लड़कियां पसंद हैं।
यह बयान बाद में ट्रम्प के लिए मुसीबत बन गया। 1992 में ट्रम्प ने फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो रिसोर्ट में एपस्टीन और चीयरलीडर्स के साथ एक पार्टी की। 2019 में NBC ने इसका एक फुटेज जारी किया था। जिसमें ट्रम्प, एपस्टीन को एक महिला की ओर इशारा करते दिखते हैं और झुककर कहते हैं- देखो वह बहुत हॉट है। हालांकि, एक प्रॉपटी विवाद के बाद ट्रम्प और एपस्टीन के बीच बातचीत का कोई पब्लिक रिकॉर्ड नहीं है।
ट्रम्प ने बाद में 2019 में कहा था कि उनके और एपस्टीन के बीच मनमुटाव हो गया था और उन्होंने 15 सालों से एक-दूसरे से बात नहीं की थी। ट्रम्प ने कहा था कि वो अब एप्सटीन को अपना दोस्त नहीं मानते।
एपस्टीन फाइल में आयुर्वेदिक मसाज का जिक्र
अमेरिका के यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद का भी जिक्र है। अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट की तरफ से जारी इन दस्तावेजों में मसाज तकनीकों और आयुर्वेदिक इलाज के जरिए शरीर को डिटॉक्स करने की बात कही गई है।
जारी दस्तावेजों में एक प्रदर्शनी के तौर पर ऐसे लेटर भी शामिल हैं। इसमें लिखा है कि पश्चिमी देशों में अब कई लोग भारत की करीब 5,000 साल पुरानी प्राकृतिक चिकित्सा प्रणाली पर आधारित मसाज और इलाज की तकनीकें अपना रहे हैं।
फाइलों में ‘द आर्ट ऑफ गिविंग मसाज’ जैसे लेख का जिक्र है, जिसमें तिल के तेल से मसाज कर शरीर की सफाई यानी डिटॉक्स करने को फायदेमंद बताया गया है। इसमें आयुर्वेद को प्राकृतिक और पारंपरिक इलाज की पद्धति के रूप में बताया गया है।
कुछ दस्तावेज ऐसे भी मिले हैं, जिन्हें ‘बेबी मसाज ट्रेनिंग’ के निर्देश बताए गए हैं। यानी कि दस्तावेजों में कदम-दर-कदम बताया गया है कि क्या करना है और कैसे करना है। इसके साथ ही लड़कियों को क्लाइंट्स को मसाज देने के निर्देश भी हैं। इसमें कुछ अश्लील प्रोसेस भी शामिल हैं।

बिल क्लिंटन बोले- मुझे बलि का बकरा बनाया जा रहा
एपस्टीन फाइल्स में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की तस्वीरें सामने आने के बाद अमेरिका की राजनीति में हलचल मच गई है। क्लिंटन के प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि व्हाइट हाउस जानबूझकर उन्हें ‘बलि का बकरा’ बना रहा है और असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है।
संसद के आदेश पर जारी इन फाइलों में क्लिंटन की तस्वीरें एपस्टीन और उसकी सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल के साथ दिखाई गई हैं। एक तस्वीर में क्लिंटन एक स्विमिंग पूल में मैक्सवेल और एक लड़की के साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि उस युवती का चेहरा ढका हुआ है।

क्लिंटन के राष्ट्रपति रहते एपस्टीन 17 बार व्हाइट हाउस गया था
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्लिंटन के राष्ट्रपति रहते हुए एपस्टीन कम से कम 17 बार व्हाइट हाउस गया था। इसके अलावा, पद छोड़ने के बाद क्लिंटन कुछ यात्राओं पर एपस्टीन के निजी विमान से एशिया और अफ्रीका भी गए थे, जो उनकी संस्था से जुड़े कामों के लिए थीं।
हालांकि, अब तक क्लिंटन पर एपस्टीन से जुड़े किसी भी अपराध का कोई औपचारिक आरोप नहीं लगा है। क्लिंटन लगातार कहते रहे हैं कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
क्लिंटन के प्रवक्ता एंजेल उरेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि व्हाइट हाउस ने महीनों तक इन फाइलों को रोके रखा और अब इन्हें जारी कर क्लिंटन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सब खुद को बचाने और आने वाले खुलासों से ध्यान हटाने के लिए किया जा रहा है।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि क्लिंटन ने 2005 के आसपास ही एपस्टीन से अपने रिश्ते तोड़ लिए थे, यानी उसके अपराध सामने आने से पहले ही। उनके मुताबिक, क्लिंटन उन लोगों में हैं जिन्होंने समय रहते दूरी बना ली थी, न कि उन लोगों में जो बाद में भी एपस्टीन के संपर्क में रहे।
एपस्टीन केस से जुड़ी और फाइलें जारी होंगी
शुक्रवार रात को जारी किए गए दस्तावेजों ने एपस्टीन और उसकी सहयोगी गिस्लीन मैक्सवेल के मामलों से जुड़े ग्रैंड जूरी के रिकॉर्ड शामिल हैं, जिनमें पीड़ितों की गवाहियां और ट्रैवल से जुड़े कागजात मौजूद हैं। कई नामों को अभी भी सीक्रेट रखा गया है। जस्टिस डिपार्टमेंट आने वाले वक्त में एपस्टीन केस से जुड़ी और तस्वीरें जारी करेगा।
आमतौर पर ग्रैंड जूरी से जुड़े दस्तावेज केस खत्म होने के बाद भी सार्वजनिक नहीं किए जाते, लेकिन हाल ही में अमेरिकी संसद ने एक नया कानून पास किया, जिसके बाद अदालत ने इन्हें जारी करने की इजाजत दी। इसी के तहत जस्टिस डिपार्टमेंट अब धीरे-धीरे एपस्टीन फाइल्स सामने ला रहा है।
इनमें एपस्टीन की संपत्तियों, पैसों के लेन-देन, यात्रा रिकॉर्ड और महिलाओं से जुड़े नोट्स का जिक्र है। मैक्सवेल से जुड़ी स्लाइड्स में उसकी एपस्टीन के साथ तस्वीरें और फ्लाइट्स की जानकारी भी शामिल हैं।
इन दस्तावेजों में एक FBI एजेंट की गवाही भी सामने आई है। एजेंट ने बताया कि एक 14 साल की लड़की को स्कूल छोड़ने के बाद एपस्टीन से मिलवाया गया था। उससे कहा गया था कि अगर वह एक अमीर आदमी को मसाज देगी तो उसे पैसे मिलेंगे। बाद में उसी लड़की के साथ यौन शोषण किया गया।
एजेंट के मुताबिक, इसी तरह और लड़कियों को लाया जाता था और एक लड़की ने तो एपस्टीन के लिए 20 से 50 लड़कियां तक जुटाईं।

