डीजीपी रामचंद्र राव के आपत्तिजनक वीडियो से कर्नाटक में मचा हड़कंप !
डीजीपी रामचंद्र राव के आपत्तिजनक वीडियो से कर्नाटक में मचा हड़कंप, सीएम सिद्दरमैया ने जताया आक्रोश
कर्नाटक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के. रामचंद्र राव के आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गए हैं। इन वीडियो में डीजीपी अपने कार्यालय में एक महिला के साथ दिख रहे हैं, जिससे राज्य पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने इस पर नाराजगी जताई है। रामचंद्र राव का विवादों से पुराना नाता रहा है, और वे अभिनेत्री रान्या राव के सौतेले पिता हैं, जो सोने की तस्करी मामले में आरोपी हैं।
- डीजीपी रामचंद्र राव के आपत्तिजनक वीडियो वायरल।
- कार्यालय में महिला के साथ दिखे वर्दी में।
- मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने घटना पर जताई नाराजगी।
नई दिल्ली। कर्नाटक पुलिस विभाग के लिए सोमवार का दिन बेहद शर्मिंदगी भरा रहा। राज्य के वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी और नागरिक अधिकार प्रवर्तन निदेशालय (डीसीआरई) के महानिदेशक (डीजीपी) के. रामचंद्र राव के कुछ कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो गए हैं। इन वीडियो में अधिकारी अपनी वर्दी में कार्यालय के भीतर एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। इस घटनाक्रम के मद्देनजर राज्य में हड़कंप मचा हुआ है।

कार्यालय की मर्यादा तार-तार बहुप्रसारित वीडियो में डीजीपी रामचंद्र राव को उनके आधिकारिक कक्ष में एक महिला के साथ अंतरंग होते देखा जा सकता है। एक क्लिप में वह वर्दी पहने हुए अपनी कुर्सी पर बैठकर महिला के साथ आपत्तिजनक आचरण करते दिख रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में वह सूट पहने हुए हैं और उनके कक्ष में भारतीय ध्वज तिरंगा एवं पुलिस विभाग का प्रतीक चिन्ह साफ दिखाई दे रहा है।
सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों द्वारा रिकॉर्ड किए गए हैं और करीब एक साल पुराने बताए जा रहे हैं। ये फिल्म अभिनेत्री रान्या राव को सोने की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए जाने से पहले के बताए जा रहे हैं। बहरहाल, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि इन वीडियो को अभी क्यों जारी किया गया।
राजनीतिक गलियारों में आक्रोश इस घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने गहरा असंतोष और गुस्सा व्यक्त किया है। वहीं, पूर्व गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘रामचंद्र राव ने पूरे पुलिस विभाग को अपमानित किया है। अगर एक वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी इस स्तर तक गिर सकता है, तो मेरे पास कहने के लिए कोई शब्द नहीं हैं। ऐसे अधिकारियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’
विवादों से है उनका पुराना नाता
गौरतलब है कि रामचंद्र राव पहले से ही विवादों में रहे हैं। वह जेल में बंद अभिनेत्री रान्या राव के सौतेले पिता हैं। मार्च 2025 में, उन्हें सोना तस्करी मामले में संलिप्तता के आरोपों के बाद अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया गया था। रान्या राव पर भी आरोप है कि उन्होंने सुरक्षा जांच से बचने के लिए अपने पिता के पद और प्रोटोकाल का दुरुपयोग किया था।

