बारामती में प्लेन क्रैश से पहले ATC और पायलट के बीच क्या-क्या बातचीत हुई?
‘रनवे नहीं दिख रहा…’, बारामती में प्लेन क्रैश से पहले ATC और पायलट के बीच क्या-क्या बातचीत हुई?
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनकी और चार अन्य की मौत हो गई। केंद्रीय विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने बताया कि बारामती एयरपोर्ट पर खराब विजिबिलिटी के कारण यह हादसा हुआ। पायलट ने एटीसी को रनवे न दिखने की जानकारी दी थी। डीजीसीए और एएआईबी टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चलेगा।
- उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच की मौत।
- खराब विजिबिलिटी के कारण हुआ विमान हादसा।
- पायलट-एटीसी के बीच रनवे पर हुई थी बात।
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहा एक चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।
केंद्रीय विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे के समय बारामती एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी बहुत खराब थी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की जांच के लिए DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) और AAIB(एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो) की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।
पुणे पहुंचे केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी। मंत्री नायडू और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल दिल्ली से पुणे पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, जब विमान पहली बार लैंडिंग की कोशिश कर रहा था तब एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पायलट से पूछा कि क्या रनवे दिखाई दे रहा है। पायलट ने बताया कि रनवे नजर नहीं आ रहा है, इसके बाद विमान को गो-अराउंड किया गया।
पहली बार में नहीं दिखा रनवे
दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान ATC ने फिर वही सवाल किया। इस बार पायलट ने कहा कि रनवे दिखाई दे रहा है। ATC से लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद विमान हादसे का शिकार हो गया। मंत्री ने कहा कि अभी और जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।

