भिंड में पुलिस पर हावी रेत माफिया:रेत से ओवर लोड वाहनों की स्पीड के विरोध में चक्काजाम, फिर भी नहीं थमी रफ्तार; अज्ञात चालक और प्रदर्शनकारियों पर FIR
लहार थाना पुलिस की रेत माफियाओं से साठगांठ सामने आ रही है। शनिवार शाम रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से एक गाय घायल हो गई थी। गाय को तड़पता देख गांव के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने तेज रफ्तार दौड़ने वाले ट्रैक्टरों की स्पीड को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा, दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद रेत माफियाओं के दबाव में अज्ञात प्रदर्शन कारियों पर भी एफआईआर दर्ज कर दी।
शनिवार शाम नानपुरा गांव के पास रोजाना की तरह ओवर लोड ट्रैक्टर और डंपर रेत से भरकर तेज रफ्तार में दौड़ रहे थे। इनमें से किसी वाहन की चपेट में आकर एक गाय घायल हो गई। गाय को तड़पता देख गांव के लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसके बाद गांव वासियों ने चक्का जाम कर दिया। कुछ ही समय में लहार- अजनार रोड पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीओ आर ए प्रजापति ने प्रदर्शन कारियों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। इसके बाद, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।
वीडियो रिकॉर्डिंग में पहचाने जाएंगे चेहरे
सूत्र बताते हैं कि चक्काजाम खुलने के बाद पुलिस के पास रेत से जुड़े कारोबारी आए। उन्होंने एफआईआर की जानकारी ली फिर चक्काजाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा। पुलिस ने चक्काजाम करने वालों पर भी केस दर्ज कर लिया। इतना होने के बाद भी रेत के ओवर लोड ट्रैक्टर और डंपर सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
समाज सेवियों पर हो सकती कार्रवाई
गाय के घायल होने के बाद क्षेत्र के समाज सेवी भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने गाय का उपचार किया। इसी दौरान विरोध प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस ने घटना क्रम का वीडियो बनाया। इन विरोध प्रदर्शन कारियों के बीच गाय की सेवा कर रहे समाज सेवियों के चेहरे मोबाइल के कैमरे में रिकॉर्ड किए हैं। इन लोगों पर एफआईआर हो सकती है।
कार्रवाई के पावर नहीं है
लहार एसडीएम आर ए प्रजापति का कहना है कि दो ट्रैक्टर ओवर लोड पकड़े थे। माइनिंग डिपार्टमेंट के लोगों को सूचना दे दी गई है। कार्रवाई के पावर नहीं है।