अपराधियों के बढ़ते हौसले:NCRB रिपोर्ट से उभरी बड़ी चिंता किशोरों द्वारा हत्या व दुष्कर्म के मामले में इंदौर टॉप-3 शहरों में
- छत्तीसगढ़ में किशोर अपराध दर 21.4, मप्र में 16.4 फीसदी
एनसीआरबी की रिपोर्ट से इंदौर के लिए एक नई चिंता उभरी है। देशभर में किशोरों द्वारा किए गए अपराध में लगभग 17% हिस्सेदारी मप्र की है। देश में किशोरों द्वारा सर्वाधिक 135 हत्या भी मप्र में दर्ज हुईं। देश की 19 मेट्रो सिटी में दिल्ली व चेन्नई के बाद किशोरों द्वारा सबसे ज्यादा हत्या का दाग इंदौर पर लगा है। किशोरों द्वारा दुष्कर्म के मामले में भी दिल्ली के बाद इंदौर दूसरे नंबर पर है।
रिपोर्ट के अनुसार देशभर में किशोरों द्वारा किया गया हर छठा अपराध मप्र के किशोर अपराधी ने किया। 2020 में देश में किशोरों द्वारा अपराध के 30 हजार मामले दर्ज हुए। इनमें 4819 मप्र के किशोरों पर हैं। किशोर अपराधियों द्वारा रेप के 937 केस हुए। सबसे ज्यादा 77 केस दिल्ली में सामने आए। 12 मामलों के साथ इंदौर दूसरे नंबर पर रहा है। किशोरों द्वारा हत्या में इंदौर 12 हत्या के साथ दिल्ली (56) व चेन्नई (16) के बाद तीसरे नंबर पर रहा।
वरिष्ठ नागरिकों के प्रति अपराध की स्थिति में सुधार
उधर, सीनियर सिटीजन के साथ अपराध में इंदौर की स्थिति सुधरी है। 3 साल पहले इंदौर देश में 5वें नंबर पर था इस बार आठवें पर रहा है। इसकी बड़ी वजह बुजुर्गों की समस्याओं का त्वरित निराकरण है।
