इटावा में भाजपा मंडल अध्यक्ष को मारी गोली ….

दोस्तों के साथ कर रहे थे बातचीत, बाइक से आए बदमाशों ने मारी गोली; सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती….

इटावा में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अमित बरुआ को शुक्रवार को रात बाइक सवार 2 बदमाशों ने गोली मार दी। पास में खड़े अमित के दोस्त जब तक कुछ समझ पाते तब तक बदमाश फरार हो गए। दोस्तों ने आनन-फानन में अमित को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी पर मेडिकल कॉलेज पहुंची पुलिस ने दोस्तों से जानकारी ली।

अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली

बताया जा रहा है, घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है। इकदिल थाना क्षेत्र के मानिकपुर मोहन गांव निवासी अमित बरुआ (26) भाजपा युवा मोर्चा के मानिकपुर मोहन से मंडल अध्यक्ष हैं। वह शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के पक्का बाग हाईवे पुल के नीचे खड़े होकर दोस्तों से बातचीत कर रहे थे, तभी दो अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और अमित को गोली मार दी। जानकारी के मुताबिक, गोली सिर के नीचे लगी है और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।

सीओ बोले- घटना की जांच की जा रही

घटना को लेकर सीओ अमित कुमार ने बताया, घायल युवक को उसके साथियों द्वारा उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस भी मेडिकल कॉलेज पहुंची और दोस्तों से घटना की जानकारी ली। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। घायल युवक भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताया जा रहा है। किस कारण से गोली मारी गई है, इसकी जांच की जा रही है।

जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी

वहीं SSP जय प्रकाश सिंह ने बताया, अमित बरुआ का अपने एक साथी अमित दुबे से विवाद चल रहा था। जब ये पक्का बाग हाईवे पुल के नीचे खड़े थे, तभी वहां अमित दुबे अपने साथी के साथ आया। इस दौरान वह अमित बरुआ से उसकी कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान ही अमित बरुआ को गोली मार दी। इस मामले में 5 लोग नामजद किए गए हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *