राहुल बोले– अंबानी-अडाणी ‘डबल A’ वैरिएंट …बेरोजगारी और गरीबी पर सरकार को घेरा, कहा- अर्थव्यवस्था के लिए ये डबल A वैरिएंट सबसे बड़ा खतरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में डबल A वैरिएंट फैल रहा है। डबल A यानी अंबानी और अडाणी। वहीं उन्होंने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि देश चलाने के लिए केंद्र और राज्य के बीच संवाद जरूरी है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव में भाग लेते हुए राहुल ने ये बातें लोकसभा में कहीं।

राहुल के ज्यूडिशियरी से लेकर चुनाव आयोग पर सवाल
राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान ज्यूडिशियरी से लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘न्यायपालिका, चुनाव आयोग, पेगासस, ये सभी आवाज को दबाने के उपकरण बन गए हैं।’ राहुल के इस बयान पर कानून मंत्री किरण रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए तुरंत माफी मांगने की मांग की है।

रिजिजू ने कहा, ‘न केवल भारत के कानून मंत्री के रूप में बल्कि एक सामान्य नागरिक के रूप में, राहुल गांधी ने भारत की न्यायपालिका और चुनाव आयोग के बारे में जो कुछ भी कहा है, उसकी मैं निंदा करता हूं। ये हमारे लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं। राहुल गांधी को तुरंत लोगों, न्यायपालिका और चुनाव आयोग से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ‘हम जानते हैं कि राहुल गांधी लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं और उन्हें संवैधानिक संस्थाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है। हम उनकी आदतन मूर्खतापूर्ण टिप्पणियों को गंभीरता से नहीं लेते हैं, लेकिन उन्होंने संसद भवन से संवैधानिक संस्थाओं के बारे में कहा है, इसलिए उन्हें बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।’

राहुल गांधी के भाषण से जुड़ी 8 बड़ी बातें:

1. हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था में डबल A वैरिएंट
राहुल ने कहा, ‘फॉर्मल सेक्टर में मोनोपोली बन रही है। मैं दो मोनोपोलिस्ट के बारे में बोलूंगा। जैसे कोरोना के समय अलग-अलग वैरिएंट आते हैं, ऐसे ही डबल A वैरिएंट हिंदुस्तानी की पूरी अर्थव्यवस्था में फैल रहे हैं। एक व्यक्ति को हिदुस्तान के सभी पोर्ट। हिंदुस्तान के सब एयरपोर्ट, पावर, ग्रीन एनर्जी, एडीबिल, जो भी हिंदुस्तान में होता है उधर अडाणी जी दिखाई देते हैं। दूसरी तरफ अंबानी जी रिटेल, ई-कॉमर्स, पेट्रोल में दिखाई देते हैं। तो देश का पूरा कारोबार कुछ चुनिंदा लोगों के हाथ में जा रहा है।’

2. भारत राज्यों का एक संघ, साम्राज्य नहीं
देश के आज दो विजन हैं। पहला- यह राज्यों का संघ है। यानी यह राष्ट्र सहयोग से चलेगा। ये एक साझेदारी है। आप कभी भी अपने जीवन में तमिलनाडु के लोगों पर राज कर सकेंगे। आपकी जो भी कल्पनाएं हों, लेकिन आप लोग भारत के राज्य के लोगों पर शासन नहीं कर सकेंगे। ये कभी नहीं हुआ। आप किसी भी साम्राज्य को देख लेंगे।

आप तीन हजार साल का इतिहास उठा कर देख लीजिए। आप मौर्य वंश को देख लीजिए, अशोक को देख लीजिए। किसी ने भी बिना बातचीत और समझौते के शासन नहीं किया। देश में हर राज्य के लोगों की अपनी भाषा है अपनी संस्कृति है। यह विविधताओं का गुलदस्ता है। भारत केंद्र की एक छड़ी के सहारे नहीं चल सकता है।

3. अमीरों और गरीबों का अलग हिन्दुस्तान
राहुल ने कहा-दो हिन्दुस्तान बन रहे हैं, एक अमीरों का हिन्दुस्तान और दूसरा गरीबों का हिन्दुस्तान, इन दो हिन्दुस्तानों के बीच में खाई बढ़ती जा रही है। गरीब हिन्दुस्तान के पास आज रोजगार नहीं है। राष्ट्रपति के अभिभाषण में बेरोजगारी के बारे में एक भी शब्द नहीं था। उन्होंने कहा कि ये स्थिति पैदा कैसे हुई। ये दो हिंदुस्तान पैदा कैसे हुए?

4. स्मॉल-मीडियम इंडस्ट्री को सपोर्ट के बिना मेड इन इंडिया नहीं
सारे के सारे स्मॉल बिजनेस इंडस्ट्री को आपने खत्म कर दिया। अगर आप उन्हें सपोर्ट देते तो मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर तैयार हो सकता है। आप मेक इन इंडिया करते हैं, लेकिन आपने तो असंगठित लोगों को खत्म कर दिया, वही तो मेड इन इंडिया वाले हैं। स्मॉल और मीडियम इंडस्ट्री को सपोर्ट किए बिना मेड इन इंडिया हो ही नहीं सकता।

आप मेक इन इंडिया, न्यू इंडिया, स्टार्ट अप बोलते जाते हो और देश में बेरोजगारी फैलती जा रही है। आप ये मत सोचिए कि यह हिंदुस्तान चुप बैठा रहेगा। इस गरीब हिंदुस्तान को यह दिख रहा है कि हिंदुस्तान के 10 लोगों के पास 40 फीसदी जनता से ज्यादा धन है। ये किसने किया? ये नरेंद्र मोदी ने किया। आप जो दो हिंदुस्तान बना रहे हैं, इन हिंदुस्तान को जोड़ने का काम जल्दी से कीजिए।

5. आपकी राजनीति ने देश में नफरत पैदा की
अगर आप भारत के संविधान को पढ़ें तो पाएंगे कि भारत को राज्यों के संघ के तौर पर बताया गया है। इसका मतलब है कि तमिलनाडु के लोगों को उतनी ही प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जितनी यूपी और अन्य राज्यों को मिलती है। उतनी ही प्राथमिकता मणिपुर, नगालैंड, जम्मू-कश्मीर को भी मिलनी चाहिए। ये गंभीर मुद्दा है और मैं इस पर गंभीर जवाब चाहता हूं। आपकी राजनीति ने देश में नफरत पैदा की है।

6. भारत दुनिया से अलग थलग हो चुका है
राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं अपने देश को लेकर बहुत चिंतित हूं। आज भारत दुनिया से अलग थलग हो चुका है और चारों तरफ से घिर चुका है। आप इस देश और इसके लोगों को भारी जोखिम में डाल रहे हैं। डोकलाम और लद्दाख को लेकर चीन की योजना काफी स्पष्ट है जबकि भारत की विदेश नीति में काफी गलतियां हैं। चीन आज भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

7. अमित शाह पर निशाना
राहुल ने कहा कि कुछ दिन पहले किसी राजनीतिक दल के नेता मणिपुर से आए थे, वे काफी गुस्से में थे। मैंने वजह पूछी तो उन्होंने कहा इतनी बेइज्जती कभी नहीं हुई। दरअसल, मणिपुर के कई नेता कुछ दिन पहले गृह मंत्री के घर गए थे। वहां उनसे जूते उतरवाए गए, लेकिन गृह मंत्री चप्पल पहनकर घूम रहे थे। उन्होंने मुझे इसकी तस्वीर दिखाई। आखिर ऐसा भेदभाव क्यों?

8. पेगासस विवाद पर राहुल
जासूसी करने वाले सॉफ्टवेयर पेगासस पर बोलते हुए राहुल ने कहा, ‘जब आप पेगासस को नेताओं की जासूसी के लिए लगाते हैं। प्रधानमंत्री इजराइल जाकर लोगों की जासूसी का उपकरण लाते हैं तो वे केरल, तमिलनाडु और हर राज्य के साथ धोखा कर रहे हैं। एक सरकार ने सभी संस्थानों पर कब्जा कर लिया है। मेरा डर है कि हमें इसका जवाब मिलेगा। आप ये जो हमला कर रहे हैं देश के संस्थानों पर, इसका जवाब मिलेगा।

11 फरवरी तक चलेगा बजट सत्र
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 2 फरवरी से शुरू हुई है। 31 जनवरी से शुरू हुआ बजट सत्र 11 फरवरी तक चलेगा। पहला चरण पूरा होने के बाद 12 फरवरी से 13 मार्च तक एक महीने का अवकाश होगा। दूसरा चरण 14 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगा। इस सत्र में मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। साथ ही संबंधित विभागों के मंत्री उत्तर देंगे। बजट पर चर्चा और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जवाब के बाद अनुदान मांगें और वित्त विधेयक पारित किया जाएगा।

इस दौरान पीएम मोदी 7 या 8 फरवरी को जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 11 फरवरी को जवाब देंगे।

शिफ्ट में होगी वर्किंग
देश में कोरोना केसेज की मौजूदा स्थिति को देखते हुए संसद का कामकाज भी 2 फरवरी से शिफ्ट में होगा। राज्यसभा की कार्रवाई सुबह तो लोकसभा की कार्रवाई शाम को होगी। राज्य सभा सुबह 10 बजे से शुरू होकर 5 घंटे यानी दोपहर 3 बजे तक चलेगी। वहीं लोकसभा का समय शाम 4 बजे से लेकर रात 9 बजे तक रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *