भिंड जिले में 3 जगह फायरिंग की घटना, 2 घायल ….
भिंड शहर में मारपीट, रंगदारी में कट्टे से फायर करना आम बात हो गई है। भिंड जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में हवाई फायरिंग की घटना हुई है। इन तीन घटनाओं में दो लोग घायल हो गए है। एक घटना मछंड चौकी है। दूसरी घटना मौ थाना क्षेत्र की है। तीसरी देर रात की घटना शहर के सिटी कोतवाली अंतर्गत गौरी के किनारे की है।
देर रात गौरी के किनारे चली गोली
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के मुताबिक जीनस खां, कुच्ची खां और सौरभ जाटव तीन दोस्त है। 21 मार्च की रात में जीनस खां ने परशुराम धर्मशाला के पास कुच्ची की बाइक से पेट्रोल चोरी की। ये सब करते हुए कुच्ची ने जीनस को पकड़ लिया। इस पर दोनों में मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों दोस्तों में समझौता भी हो गया। 22 मार्च की रात करीब साढ़े दस बजे जीनस से कुच्ची ने कहा कि गौरी तालाब पर चलते हैं। यहां सौरभ भी आ रहा है। दोनों साथ गौरी सरोवर पर पहुंचे। यहां तीनों का एक बार फिर पेट्रोल चोरी की घटना पर विवाद गहरा गया। इस मामले पर मारपीट शुरू हो गई। रात करीब साढ़े 11 बजे कुच्ची ने कट्टा से जीनस पर फायर कर दिया। गोली सीधे सीने में जा लगी, इसके बाद कुच्ची व सौरभ भाग गए। घटना के बाद घायल ने अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद वे सीधे अस्पताल लेकर पहुंचे। इधर, कोतवाली पुलिस को पूरे मामले से अगवत कराया गया। पुलिस ने कुच्ची व सौरभ के खिलाफ जान लेवा हमला की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
मैं बड़ा गुड़ा… फायर ठोका
इधर, रौन थाना क्षेत्र के मछंड कस्बे के बस स्टैंड पर कुछ बदमाश मंगलवार की शाम को झगड़ गए। यहां निगरानी शुदा बदमाश अनिल दीक्षित पुत्र संतोष निवासी मछंड अपने अन्य तीन साथी दीपू तोमर, गोलू उपाध्याय और रितिक जादौन के साथ बैठा था। इन सभी में आपस में मामूली बात पर विवाद हाे गया। एक दूसरे को गोलियां देने लगे। करीब आधा घंटे तक इन बदमाशों में बस स्टैंड पर विवाद खड़ा किया। इसी दौरान एक बदमाश ने हवाई फायर कर दिया। पुलिस का कहना है कि तीनों ही अपने-अपने को बड़ा बदमाश बता रहे थे, इसलिए रंगदारी में गोली चलाई गई। अनिल दीक्षित की शिकायत पर पुलिस ने उसके साथी दीपू, गोलू व रितिक पर एफआइआर दर्ज कर ली।
जान से मारने की नीयत से गोली मारी
मौ थाना क्षेत्र कुछ लोग में विवाद हो गया इस घटना में एक पक्ष की ओर से जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। ये गोली पैर में लगी। मौ थाना पुलिस के मुताबिक मेहगांव के इकौरी गांव में रहने वाले सुजान सिंह गुर्जर व अतरसूमा के उनके रिश्तेदारों के बीच हुआ। जब दोनों पक्ष अतरसूमा में नाथू सिंह गुर्जर के खेत पर थे तभी विवाद हो गया। इसी दौरान मारपीट की घटना हुई और एक पक्ष द्वारा अवैध हथियार से गोली चलाई गई। इस घटना में सुजान सिंह गुर्जर के गोली लगी। इसके बाद फरियादी ने भारत गुर्जर, साेनू गुर्जर, कल्ला गुर्जर सभी निवासी अतरसूमा और अमरेश गुर्जर निवासी प्रताप पुरा के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है।