कमलनाथ बोले-मुझे छोकरा बुलाते थे सीनियर … यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन में कहा- BJP के पास पुलिस-पैसा-प्रशासन; दबेंगे नहीं
यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा- ‘जब मैं पहली दफा संसद में पहुंचा था, मुझे मेरे सीनियर छोकरा कहकर पुकारते थे। वो भी एक समय था। आज BJP के पास तीन चीजें हैं- पुलिस, पैसा और प्रशासन। याद रखिए हम न पैसे, न पुलिस और न प्रशासन से दबेंगे। महंगाई, बेरोजगारी ही चुनौती नहीं है, हमारी संस्कृति को बचाना भी सबसे बड़ी चुनौती है।’
महंगाई, बेरोजगारी और आदिवासियों पर अत्याचार को मुद्दा बनाकर मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता व्यापम चौराहे से CM हाउस घेरने के लिए निकले, लेकिन रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक लिया। फिर वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें पीछे हटाया गया। बड़े नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
अरुण यादव बोले- कमलनाथ के नेतृत्व में MP में सरकार बनाएंगे
इससे पहले मंच से बड़े नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि अगले चुनावों में युवाओं को ज्यादा मौके दिए जाने चाहिए। अरुण यादव ने कहा- ‘मैं युवा हूं और कमलनाथ भी युवा हैं, हम उनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश में सरकार बनाएंगे।’

नाथ-दिग्गी ने VIDEO मैसेज जारी किए
युवा शंखनाद में शामिल होने से पहले कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने लिखा- युवा मध्यप्रदेश को बचाने की इस लड़ाई को मजबूत बनाएं। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी वीडियो जारी किया है। दिग्विजय ने कहा कि हमें इस देश में, प्रदेश में बढ़ती अव्यवस्था को लेकर जन आंदोलन करना है।



शंखनाद आंदोलन में 2 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हुए
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में प्रदर्शन की शुरुआत हुई। इसे युवा शंखनाद नाम दिया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचोरी, पूर्व PCC चीफ अरुण यादव, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, आगर विधायक विपिन वानखेड़े अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।