ग्‍वालियर में कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का बार, किशोरों को कराते थे नशा

शहर के पाश इलाके सिटी सेंटर में नशे के अड्डों पर पुलिस ने शुक्रवार रात को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। कैफे की आड़ में हुक्का बार चलाए जा रहे थे, जिसमें किशोरों तक को नशा कराया जा रहा था।

ग्वालियर .. शहर के पाश इलाके सिटी सेंटर में नशे के अड्डों पर पुलिस ने शुक्रवार रात को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। कैफे की आड़ में हुक्का बार चलाए जा रहे थे, जिसमें किशोरों तक को नशा कराया जा रहा था। यहां जो किशोर मिले, उनके स्वजनों को पुलिस ने बुलवाया और उनके सुपुर्द कर दिया। यहां तक कि कुछ युवतियां भी नशा करती मिली हैं। पुलिस की कार्रवाई से यहां हड़कंप मच गया। तीन जगह पुलिस ने हुक्का बार पकड़ा है। छापा तो कुछ अन्य जगह भी मारा था, लेकिन यहां नशे का कोई सामान नहीं मिला। यूनिवर्सिटी पुलिस ने तीनों हुक्का बार के संचालकों पर एफआइआर दर्ज की है। लंबे समय बाद इस तरह की कार्रवाई सिटी सेंटर में हुई है।

दरअसल सिटी सेंटर इलाके में रहने वाले लोगों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी कि यहां कैफे की आड़ में नशे के अड्डे चल रहे हैं। इसके अलावा पाश कालोनियों में अंधेरा होते ही सार्वजनिक स्थान पर कार खड़ी कार कार के अंदर ही शराबखोरी होती है। इससे यहां शाम होते ही माहौल बिगड़ने लगता है। सीएसपी यूनिवर्सिटी रत्नेश सिंह तोमर ने बताया कि शहर सिटी सेंटर में कुछ जगह हुक्का बार चलने की सूचना पर टीम को पड़ताल में लगाया। तीन टीमें बनाई, इन टीमों ने अलग-अलग जगह रात में छापा मारा। करीब दो घंटे तक कार्रवाई चली। इस दौरान काबुज रेस्टोरेंट में सबसे पहले टीम पहुंची। यहां हुक्का पीते हुए टीनेजर्स मिले, कुछ युवक भी थे। यहां से इन लोगों ने भागने की कोशिश की। इनके स्वजनों को बुलाया गया। इसके बाद पटेल नगर स्थित टोनिक हुक्का बार पर छापा मारा। यहां कैफे की आड़ में किशोरों व युवाओं को नशा कराया जा रहा था। इसके बाद सालिड हुक्का बार पर छापा मारा। दो अन्य जगह भी पड़ताल की लेकिन यहां कुछ नहीं मिला। जहां हुक्का बार संचालित होता मिला, वहां के स्टाफ को पकड़ा गया। इन पर यूनिवर्सिटी थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई। लंबे समय से यहां हुक्का बार संचालित हो रहे थे।

पाश कालोनी बन रहीं नशे का अड्डा: शहर की पाश कालोनियां नशे का अड्डा बन गई हैं। सिटी सेंटर में कोचिंग और हास्टल हैं। यहां कई युवक वह हैं जो बाहर के रहने वाले हैं, यहां पढ़ाई करने आए हैं। इन्हें नशे की लत लग रही है। साथ ही रात के अंधेरे में कार में ही शराबखोरी होती है। कुछ दिन पहले यहां झगड़ा हुआ था, जिसमें पथराव भी हुआ था। यह झगड़ा भी एक रेस्टोरेंट के बाहर हुआ था। यहां जून माह में लगातार कार्रवाई हुई थी, इसके चलते कुछ समय माहौल सामान्य रहा। लेकिन अब फिर से वही हालात बनने लगे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *