फसल बीमा से कंपनियों ने 4 साल में कमाए 4318 करोड़ …
कमाई का आंकड़ा:फसल बीमा से कंपनियों ने 4 साल में कमाए 4318 करोड़, इस साल किसानों को बंटेंगे 3500 करोड़ रुपए से ज्यादा
मप्र में इस साल ओलों से 70 हजार हेक्टेयर में फसलों का नुकसान हुआ है। इसकी भरपाई के लिए अब तक 64 करोड़ रुपए ही आए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रभारी मंत्रियों से कहा है कि जिन जिलों में ओले गिरे हैं, एक बार खुद जाकरचैक कर लें। सर्वे के बारे में जानकारी ले लें। किसानों को बीमा योजना का लाभ हर हाल में मिल जाए। इस मामले में जब सरकार ने पिछले 4 सालों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि किसानों को भुगतान के बावजूद बीमा कंपनियों ने इस दौरान 4318 करोड़ रुपए कमा लिए हैं।
लाभ कमाने में सरकारी और प्राइवेट दोनों कंपनियां शामिल हैं। सबसे ज्यादा लाभ एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया का रहा। ये लाभ 2017-18 की रबी व खरीफ और 2018 की रबी, 2019-20 की रबी और 2020 की रबी की फसलों का रहा। इस दौरान रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी को रबी में 137 करोड़ रु. का लाभ हुआ। जबकि बजाज अलायंस कंपनी को 2019 में रबी में 199 करोड़ रु., इफ्को टोकियो इंश्योरेंस कंपनी को 278 करोड़ रु. और एचडीएफसी कंपनी को 2018-19 की रबी की फसलों में 136 करोड़ रु. का लाभ हुआ।
कैसी-कैसी कमाई… एक कंपनी का मुनाफा 1840 करोड़
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 2017-18 में रबी के मौसम में तीन कंपनियों ने मिलकर 1120 करोड़ रु. कमाए। वहीं, 2018 खरीफ के मौसम में 1904 करोड़ रु. की कमाई हुई। 2018 रबी के मौसम में दो कंपनियों ने 397 करोड़ रु. कमाए। 2019-20 में रबी के मौसम में 6 कंपनियों ने 971 करोड़ रु. कमाए। 2020-21 में रबी के ही मौसम में एक कंपनी का मुनाफा 1840 करोड़ रुपए रहा।
- तय प्रक्रिया के मुताबिक 2017 से 2021 के बीच प्राइवेट कंपनियों को किसानों, राज्य सरकार और केंद्र से प्रीमियम के रूप में करीब 20 हजार करोड़ रुपए चार साल के भीतर मिले। वहीं, कंपनी ने किसानों को करीब 5 हजार करोड़ रु. कम भुगतान किया।