नाइट ड्यूटी पर तैनात सिपाही की हत्या ..?
जालौन में ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सिपाही भेदजीत सिंह उरई कोतवाली की हाईवे स्थित पुलिस चौकी पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी रात के करीब डेढ़ बजे संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। इस पर सिपाही ने चेहरे पर टॉर्च जलाकर उन्हें रोकने की कोशिश की।
इतने में ही बदमाशों ने सिपाही पर गोली चला दी। हालांकि उस समय सिपाही को गोली नहीं लगी। इसके बाद सिपाही ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक का पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए सिपाही को मौत के घाट उतार दिया।
घटना उरई कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित गोविंदम ढाबे के पास मंगलवार देर रात की है। सूचना मिलते ही SP डॉक्टर ईरज राजा फोर्स और फॉरेंसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV खंगाल रही है।
सेना से रिटायर होने पर यूपी पुलिस ज्वाइन किया था
मृतक सिपाही भेदजीत सिंह (45) मथुरा के चौरम्बार गांव के रहने वाले थे। भेदजीत पहले भारतीय सेना में थे। 2019 में रिटायर होने के बाद यूपी पुलिस सेवा में आवेदन किया था। इसके बाद उनकी 2021 में यूपी पुलिस में नौकरी लग गई थी। सिपाही की पहली पोस्टिंग उरई कोतवाली में हुई थी। मृतक सिपाही की पत्नी और उसके बच्चे चंडीगढ़ में रहते हैं। जबकि मां सुख देवी और पिता नारायण सिंह चौरम्बार गांव में रहते हैं। पुलिस ने घटना के जानकारी परिजनों को दी है।

पुलिस ने इलाके की कर दी है नाकेबंदी
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के चारों तरफ नाकेबंदी कर दी है। जिससे बदमाशों के बारे में पता लगाया जा सके। जालौन की SOG और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुटी है। वहीं, एडीजी कानपुर जोन ने झांसी ,जालौन, कानपुर देहात में हत्यारोपी बदमाशों की तलाश में बड़ा अभियान चलाने का आदेश दिया।