शहर विकास के लिए मास्टर प्लान लागू होना जरूरी ..!

शहर विकास के लिए मास्टर प्लान लागू होना जरूरी …

शहरों का सुनियोजित विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर समय पर योजना लागू न की जाए

श हर का मास्टर प्लान। मतलब भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए गहन अध्ययन और अनुसंधान के बाद तैयार किया गया खाका। मास्टर प्लान बढ़ती आबादी, लोगों की जरूरतों और आधारभूत सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया जाता है। लेकिन दुखद पहलू यह है कि प्रदेश में राजधानी भोपाल हो या अन्य छोटे शहर, कभी भी मास्टर प्लान समय पर लागू ही नहीं हो पाता। प्रदेश में हर शहर की पिछले दस सालों में आबादी बढ़ी है। पर जनसंख्या के अनुपात में सुविधाएं नहीं बढ़ीं। खमियाजा आम जनता भुगत रही है। नर्मदापुरम का हाल भी ऐसा ही है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसीपी) ने वर्ष 2016 में नर्मदापुरम शहर का 2031 के हिसाब से मास्टर प्लान तैयार किया था। इसमें शहर की करीब 37 सड़कों को शामिल किया गया, जिनकी चौड़ाई बढ़ाने की जरूरत बताई गई थी। इस मास्टर प्लान का 2017 में अंतिम नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया। 2023 चल रहा है, लेकिन अब तक यह लागू ही नहीं हो पाया। अगर प्लान लागू हो जाता और उसके अनुसार विकास कार्य होते तो आज शहर की तस्वीर बदली हुई नजर आती। इसेे धरातल पर उतारने में न अफसरों और न ही जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता दिखाई। आज हालत यह है शहर के किसी भी इलाके का सुनियोजित विकास नहीं हो पा रहा। प्रमुख सड़कें-चौराहे बेतरतीब हैं। छोटा शहर होने के बावजूद लोग रोजाना जाम से परेशान होते हैं। नर्मदा मैया के दर्शन करने आने वाले बाहरी लोग ही नहीं, यहां के स्थानीय निवासी भी इस शहर को ‘बड़े गांव’ की संज्ञा देते हैं। खैर, अब मास्टर प्लान को लेकर फिर से हलचल शुरू हुई है, तो अफसरों और जन प्रतिनिधियों को चाहिए कि अब काम रुकना नहीं चाहिए। पहले ही शहर छह साल का नुकसान भुगत चुका है। शहर को इस मास्टर प्लान की जरूरत इसलिए है कि इसमें सड़कों को चौड़ा करना, बाजारों में व्यवस्थित पार्किंग बनाना शामिल है। ये शहर के सबसे बड़े मुद्दे हैं, शहर को व्यवस्थित करने के लिए जिनका हल जरूरी है। पार्किंग तो वैसे हर शहर का प्रमुख मुद्दा है। लोग बाजार जाते हैं तो खरीदारी करने से पहले अपनी गाड़ी को खड़ा करने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते हैं। शहर का सुनियोजित विकास करना है तो पिछली गलतियों से सबक लेते हुए मास्टर प्लान को जल्द लागू करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *