ग्वालियर, । शहर के अंदर से संचालित हो रही बसें मुसीबत बन गई हैं। रोक के बाद ही शहर के घने बाजारों में बसों के स्टापेज बन गए हैं। बसों का संचालन शहर के अंदर से होने से दिनभर जाम की स्थिति बन रही है। सड़क पर ही स्टापेज, सड़क पर ही सामान की लोडिंग और अनलोडिंग हो रही है। इसके चलते लोग परेशान हो रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार आंख बंद कर बैठे हैं। इन्हें रोकने की जिम्मेदारी ट्रैफिक पुलिस की है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस के जवानों के सामने से बसें गुजर रही हैं। फिर भी इन्हें नहीं रोक पा रहे।

कहां क्या हैं हालात

1- नेहरू पार्क के पास: कंपू इलाके में नेहरू पार्क के पास सुबह से यात्री बसें खड़ी हो जाती हैं। बसों का अवैध रूप से यहां स्टापेज बना दिया गया है। इसके कारण आधी से ज्यादा सड़क घिरी रहती है। बस जब सुबह आती है और रात को यहां से रवाना होती है तो जाम के हालात बनते हैं। क्योंकि बस जिन रास्तों से गुजरती है, वहां ट्रैफिक लोड अधिक रहता है। सड़कें भी संकरी हैं।

2- जवाहर कालोनी: कंपू इलाके में जवाहर कालोनी में सड़क पर पूरे दिन बसें खड़ी रहती है। बसों की धुलाई से लेकर लोडिंग-अनलोडिंग तक होती है। शाम को जब एक के बाद एक लगातार बसें निकलती हैं तो यहां जाम लगना शुरू हो जाता है।

3- राक्सी पुल से हुजरात पुल: राक्सी पुल के नीचे से लेकर हुजरात पुल के दोनों तरफ वीडियोकोच बसें खड़ी रहती हैं। यहीं बसों की लोडिंग और अनलोडिंग होती है। आधी से ज्यादा सड़क घिरी रहती है। शाम को यहीं से सवारियां बसों में सवार होती हैं और जाम लगता है। इसके आगे छप्परवाला पुल पर भी बसों का स्टापेज है।