आधे प्रदेश में अब बागी मुखर …अपने’ ही चुनौती ?

आधे प्रदेश में अब बागी मुखर:भाजपा में 10 दिन में 24 से 69 सीटों तक पहुंचा विरोध, कांग्रेस में 51 सीटों पर ‘अपने’ ही चुनौती

मतदान को अब 20 दिन ही बचे हैं, लेकिन बगावत और विरोध ने दलों की ​िचंता बढ़ा दी है। भाजपा में 10 दिन पहले जहां 24 सीटों पर ही बगावत और विरोध की स्थिति थी, इस हफ्ते वह तेजी से फैली है। अब करीब 69 सीटें ऐसी हैं, जहां कार्यकर्ताओं व टिकट कटने वालों का गुस्सा बढ़ गया है।

अभी दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित होना बाकी

  • भाजपा ने 24 विधायकों का टिकट काटा है। असर यह हुआ कि पार्टी में 30% सीटों पर बगावत और विरोध की स्थिति है। यानी हर तीसरी सीट ऐसी है, जिस पर डैमेज कंट्रोल आसान नहीं होगा। अभी विदिशा और गुना दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित होने बाकी हैं। यहां भी विरोध संभव है।
  • 8 से ज्यादा सीटों पर मौजूदा विधायक जबकि 15 से अधिक सीटों पर पूर्व विधायक व मंत्री खुलकर विरोध में। इनमें से कई निर्दलीय या दूसरी पार्टी से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं।
  • मुरैना, अटेर, भिंड, लहार, जबलपुर उत्तर महेश्वर, चाचौड़ा, श्योपुर पूर्व समेत कई सीटों पर विरोध।
  • भोपाल दक्षिण पश्चिम भी चुनौती बनी। यहां पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता समर्थकों में गुस्सा। डैमेज कंट्रोल के लिए बैठक भी हुई है।
  • मुरैना : दिनेश गुर्जर और भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह व बेटा बसपा में चले गए। कार्यकर्ताओं का भी विरोध।
  • अटेर : भाजपा से नाराज होकर मुन्ना भदौरिया ने मोर्चा खोला है। सत्येंद्र भदौरिया भी विरोध में।
  • राजनगर में तो मुख्यमंत्री के करीबी घासीराम पटेल भाजपा छोड़कर बसपा जा रहे हैं। ब्राह्मण भी विरोध में।
  • भिंड : मौजूदा विधायक संजीव कुशवाह टिकट कटने के बाद मैदान में कूद गए हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि सेन भी सपा से चुनाव लड़ने जा सकते हैं।
  • लहार : भाजपा के सीनियर नेता रसाल सिंह व समर्थकों का विरोध। पूर्व में रसाल के खिलाफ अमरीश शर्मा बसपा से लड़े थे। अब रसाल बसपा से आ रहे हैं।
  • जबलपुर उत्तर : भूपेंद्र यादव के सामने गनमैन के साथ मारपीट हो चुकी है। प्रत्याशी बदलने की मांग के साथ प्रदेश अध्यक्ष पर भी आरोप लगे। प्रत्याशी के मंडला यानी बाहरी होने के आरोप।
  • भोपाल दक्षिण-पश्चिम : पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता समर्थकों में गुस्सा। डैमेज कंट्रोल के लिए मंगलवार को ही बैठक की गई।
  • महेश्वर : स्थानीय लोग विरोध में होने की वजह से चुनाव के लिए इंदौर से कार्यकर्ता बुलाने पड़ रहे। बलाई समाज के 70 हजार लोग हैं, जिन्हें मनाना होगा।
  • चाचौड़ा : पूर्व विधायक ममता मीणा समर्थक नाराज। विरोध तेज। ममता मैदान में कूद चुकी हैं।
  • श्योपुर : महावीर सिंह सिसोदिया तीन बार से टिकट मांग रहे थे। नहीं मिला। विरोध शुरू।
  • विजयपुर : सीताराम आदिवासी का टिकट काटा। सीट पर 55 हजार सहरिया आदिवासी। अब विरोध।
  • सबलगढ़ : विरोध कर रहे धाकड़ समाज ने कहा, पहले मेहरबान सिंह रावत और अब उनकी बहु, 40 साल क्या एक ही परिवार रहेगा।
  • जौरा : ब्राह्मण, धाकड़ और कुशवाह समाज नाराज। स्थानीय कार्यकर्ताओं का विरोध।
  • अंबाह : केंद्रीय भाजपा से जितने लोग गए, सभी ने नेगेटिव रिपोर्ट दी। भाजपा कार्यकर्ता ही विरोध में।
  • ग्वालियर ग्रामीण : मदन सिंह कुशवाहा समर्थक विरोध में। गुर्जरों पर पिछले दिनों हुई प्रशासन की

कार्रवाई का भी असर। कार्यकर्ता भी नाराज।

  • ग्वालियर पूर्व : मुन्नालाल गोयल समर्थकों का विरोध, हालांकि मुन्ना ने अब साथ देने का वादा कर रहे हैं।
  • भितरवार : सिंधिया समर्थक मोहन सिंह का विरोध। बृजेंद्र तिवारी को टिकट नहीं मिला तो समर्थक खफा हैं‍।
  • भांडेर : प्रत्याशी पर बाहरी का आरोप लग रहा। रक्षा सिरोनिया समर्थक विरोध में।
  • पोहरी : एक बड़े नेता ने पूर्व विधायक प्रहलाद भारती को टिकट देने का वादा किया था, जो नहीं मिला। अब समर्थक विरोध में।
  • शिवपुरी : यशोधरा राजे सिंधिया समर्थक विरोध में। जितेंद्र जैन गोटू भी कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं।
  • पिछोर : ब्राह्मण, ठाकुर के साथ अगड़ी जाति के लोग नाराज। बागेश्वर महाराज के शिष्य भी पसंद नहीं कर रहे।
  • राघौगढ़ : भाजपा नेता राधेश्याम धाकड़ विरोध में। बमोरी और इस सीट पर ठाकुर प्रत्याशी दिए। जबकि यह क्षेत्र किरार बहुल है।
  • अशोकनगर, चंदेरी और मुंगावली : भाजपा के कार्यकर्ता खफा हैं। राव देशराज सिंह यादव परिवार के कांग्रेस में जाने के बाद भी विरोध जारी। चंदेरी में भूपेंद्र द्विवेदी की दावेदारी सिंधिया खेमे के कारण बाहर हुई।
  • देवरी : कांग्रेस से आए व्यक्ति को टिकट देने का मुद्धा उठा रहे स्थानीय कार्यकर्ता।
  • बंडा : दो भाजपाई सुधीर यादव और रंजोर सिंह बुंदेला समर्थक विरोध में। ये दोनों दूसरे दलों में जा रहे हैं।
  • टीकमगढ़ : केके श्रीवास्तव और राजन तिवारी समर्थकों का विरोध। सभी मिलकर श्रीवास्तव को मैदान में उतार रहे हैं।
  • पृथ्वीपुर : अनिता नायक और देवर गणेशी नायक समर्थक मुखालफत कर रहे।
  • महाराजपुर : 20 बड़े नेता बैठक कर चुके हैं कि प्रत्याशी का विरोध करना है। वे कह रहे हैं कि यूपी के एक नेता के कहने पर टिकट दिया।
  • चंदला : राजेश प्रजापति का टिकट कटा है। वे अब बोल रहे हैं कि टिकट कटने का कारण बताओ। प्रत्याशी बाहरी है। क्या पैसे लेकर टिकट बंटा।
  • राजनगर : मुख्यमंत्री के करीबी घासीराम पटेल भाजपा छोड़कर बसपा जा रहे हैं। ब्राह्मण भी विरोध में।
  • छतरपुर : पुष्पेंद्र सिंह की पत्नी अर्चना सिंह के लोग मोर्चा खोल चुके हैं।
  • मलेहरा : बाहरी होने का आरोप। रेखा यादव के साथ स्थानीय लोग विरोध में।
  • पवई : भाजपा नेता संजय नगाइच विरोध में उतर रहे हैं। 26 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम है। दस हजार कार्यकर्ता इस्तीफा देंगे।
  • चित्रकूट : भाजपा की डाली शर्मा बसपा से खड़ी हो रही हैं।
  • रैगांव : पूर्व मंत्री स्व. जुगलकिशोर बागड़ी परिवार के सात लोग विरोध में। पुष्पराज इस्तीफा दे चुके हैं।
  • सतना : भाजपा के शिवा चतुर्वेदी बसपा से सामने आ रहे हैं। गणेश से नाराज शिवा समर्थक भाजपाई विरोध में।
  • नागौद : भाजपा के बड़े नेता गगनेंद्र सिंह विरोध स्वरूप निर्दलीय आ रहे हैं।
  • मैहर : सिंधिया समर्थक श्रीकांत चतुर्वेदी को टिकट मिलने के बाद भाजपाई विरोध में हैं।
  • अमरपाटन : एंटीइनकमबेंसी ज्यादा। टिकट कटने की संभावनाओं के बीच प्रत्याशी बने हैं, जिससे कार्यकर्ता नाराज।
  • त्योंथर : पूर्व मंत्री रमाकांत तिवारी के बेटे को कार्यकर्ता चुनाव लड़ाने की जिद पर अड़े। अब तक 1300 इस्तीफा दे चुके।
  • मऊगंज : ब्राह्मण के साथ पार्टी के लोग विरोध में।
  • मनगंवा : दो बार के विधायक पंचुलाल प्रजापति का टिकट कटा। समर्थक विरोध में। पंचुलाल ही टिकट के लिए पैसों के लेन-देन का आरोप लगा चुके।
  • चुरहट : भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद मिश्रा के बेटे दूसरे दल से सामने हैं। सांसद अजय प्रताप सिंह और विधायक केदारनाथ शुक्ला समर्थक भी विरोध में।
  • सीधी : विधायक केदारनाथ शुक्ला विरोध में। सर्वाधिक मतों से हराने की बात कर चुके हैं।
  • सिंगरौली : रामलल्लु वैश्य समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया है।
  • बड़वारा : मोतीलाल कश्यप विरोध में। निर्दलीय मैदान में उतर सकते हैं कश्यप।
  • मंडला : दो बार के विधायक रहे शिवराज शाह समर्थक विरोध में। निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं।
  • लांजी : पूर्व विधायक रमेश भटेरे विरोध में। निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। मंगलवार को भूपेंद्र यादव ने समझाने के लिए भोपाल बुलाया था, लेकिन यादव खुद दिल्ली निकल गए।
  • वारा सिवनी : स्थानीय की डिमांड के साथ विरोध।
  • गाडरवारा : पूर्व प्रत्याशी गौतम पटेल समर्थक विरोध में। पूर्व विधायक गोविंद पटेल के लोग भी शामिल। कौरव समाज बहुल क्षेत्र होने के कारण नुकसान ज्यादा हो सकता है।
  • अमरवाड़ा : प्रेमनारायण ठाकुर समर्थकों का विरोध। गोंगपा भी खिलाफ।
  • परासिया : पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया के लोगों का विरोध।
  • आष्टा : मौजूदा विधायक रघुनाथ मालवीय टिकट काटने का कारण पूछ रहे हैं, नहीं तो चुनाव लड़ने की भी तैयारी है। समर्थक विरोध में।
  • नरसिंहगढ़ : यहां के राजा रहे भानूप्रताप सिंह के बेटे राज्यवर्धन सिंह का टिकट कटने से समर्थकों में गुस्सा।
  • सुसनेर : 2018 में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले विधायक विक्रम सिंह को भाजपा ने टिकट दिया, जिसका विरोध है।
  • कालापीपल : सुरेश आर्य को टिकट देने की डिमांड कर रहे लोग अब विरोध में। बाहरी होने का आरोप भी।
  • सोनकच्छ : पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा समर्थक विरोध में। बाहरी होने का आरोप लगा रहे।
  • बागली : पहाड़ सिंह समर्थक खफा हैं। समाज के लोग भी नाराज।
  • मांधाता : दूसरी पार्टी से आने की स्थानीय लोगों में नाराजगी। वे प्रदेश नेतृत्व को नारायण पटेल और बड़वाह से सचिन बिरला की शिकायत कर चुके हैं।
  • पंधाना : मौजूदा विधायक ही विरोध में। प्रेस कांफ्रेंस करके आरोप लगा चुके।
  • बुरहानपुर : पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्ष समर्थक खुलकर विरोध में। चुनाव लड़ने की तैयारी।
  • कसरावद : पाटीदार विरोध कर रहे।
  • पानसेमल : दो बार विधायक रहे दीवान सिंह पटेल समर्थक विरोध में। स्थानीय भाजपा के लोग भी साथ दे रहे।
  • आलीराजपुर : पूर्व जिलाध्यक्ष वकील सिंह ठकराल समर्थक विरोध में। स्थानीय भाजपा के लोग उन्हें चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे।
  • जोबट : माधो सिंह डाबर समर्थक नाराज। निर्दलीय मैदान में आने की तैयारी।
  • मनावर : पूर्व मंत्री रंजना बघेल समर्थक खफा। इसका असर गंधवानी और कुक्षी सीट पर भी। रंजना कहा है, जनता के फैसले पर आगे जाएंगी।
  • धार : दो पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव और अंतु अग्रवाल खफा। समर्थकों का आरोप, 50 साल से विक्रम वर्मा परिवार के पास सीट।
  • नागदा : तीन हजार लोग इस्तीफा दे चुके हैं। दिलीप सिंह शेखावत की समझाइश चल रही है।
  • महिदपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह व समाज के लोग खफा। प्रताप निर्दलीय उतर सकते हैं।
  • आलोट : मौजूदा प्रत्याशी पर बाहरी के आरोप। पूर्व केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत के बेटे जितेंद्र समर्थक नाराज।

विधायक रमेश भटेरे मंगलवार को भोपाल पहुंचे। उन्हें केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने बुलाया था। सिर्फ इसलिए कि वे घोषित प्रत्याशी राजकुमार कर्राये की मदद करें। दरअसल, कर्राये का टिकट घोषित होने के बाद भटेरे समर्थकों ने विरोध में विशाल बाइक रैली निकाली थी। इसी के बाद भाजपा की चिंता बढ़ी। यादव और भटेरे की मुलाकात नहीं हुई, क्योंकि यादव दिल्ली चले गए।

इधर, पूर्व विधायक ने कहा- सांसद समझाने आए तो दो जूते मारूंगा

भगवानपुरा विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक जमनासिंह सोलंकी बागी हो गए हैं। पार्टी ने चंदर सिंह बास्कले को टिकट दिया है। सोलंकी निर्दलीय लड़ेंगे। बोले- सांसद आए तो दो जूते लगाऊंगा। सीएम भी समझाने आए तो नहीं मानूंगा।

कांग्रेस – हर पांचवीं सीट पर विरोध थामना होगा

कांग्रेस अपनी सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है लेकिन 51 सीटों पर अब उसका मुकाबला भाजपा के साथ ‘अपनों’ से ही होगा। हालांकि​ विरोध को देखते हुए कांग्रेस ने कुल 7 टिकट बदले। इसका फायदा यह हुआ कि जो विरोध सप्ताहभर पहले 30 सीटों पर था, अब वह 51 तक ही पहुंचा है।

भोपाल जिले की 7 में से 4 सीटों पर विरोध

  • भोपाल जिला : उत्तर में आतिफ अकील काे टिकट मिलने ही नासिर इस्लाम ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। विधायक आरिफ अकील के छोटे भाई आमिर मैदान में हैं।
  • गोविंदपुरा से रवींद्र साहू झूमरवाला का टिकट कटने के बाद दीप्ती सिंह ने मोर्चा खोल दिया है।
  • हुजूर में नरेश ज्ञानचंदानी काे टिकट मिलने के बाद जितेंद्र डागा नाराज हैं। बैरसिया से जयश्री हरिकरण का टिकट होने के बाद राम मेहर कमलनाथ के बंगले पर धरना दे चुके हैं।

जिन 4 सीटों पर कांग्रेस ने बुधवार को टिकट बदले, उनमें से दो पर उसके पुराने प्रत्याशी चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं।

  • आमला सीट से दावेदारी कर रहीं डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को भी टिकट देने से कांग्रेस ने इनकार कर दिया है।
  • निवाड़ी से अमित राय का टिकट हुआ है, उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है। यहां से टिकट की दावेदारी रोशनी यादव और रजनीश पटेरिया कर रहे थे, दोनों टिकट न मिलने से नाराज हैं।
  • बिजावर में चरण सिंह यादव को टिकट दिया है। इसके विरोध में गोविंद विक्रम सिंह ने मोर्चा खोल दिया है। वे सपा से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • शुजालपुर रामवीर सिंह सिकरवार को टिकट दिया है। यहां से वंटी बना ​​टिकट की दौ़ड़ में थे। टिकट न मिलने से नाराज है और खुलकर मैदान में आ गए हैं।
  • खरगापुर से च‍ंदारानी गौर को टिकट दिया है। यहां से अजय सिंह यादव ने बगावत कर दी है और उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और चुनाव मैदान में है।
  • नरयावली विधानसभा क्षेत्र में सुरेंद्र चौधरी को टिकट दिया है। जिस दिन से टिकट हुआ है आज तक विधानसभा में विरोध जारी है। स्थानीय लोग अन्य टिकट मांगने वालों में शारदा खटीक, देवेंद्र तोमर ने विरोध कर दिया है।
  • सागर में निधि जैन को उम्मीदवार बनाया गया है। यहां से टिकट के जो दावेदार थे उनमें नाराजगी है। खुलकर रमाकांत यादव और राहुल चौबे मैदान में आ गए हैं। यहां उम्मीदवार को कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में खासी मशक्कत करना पड़ रही है।
  • सेवढ़ा से घनश्याम सिंह को टिकट मिला है। यहां से टिकट के दावेदार रहे दामोदर यादव बागी हो गए हैं और भीम आर्मी से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • सोहागपुर से पुष्पराज ​पटेल को टिकट मिला है। यहां से टिकट के दावेदार सतपाल पलिया ने बगावत कर दी है, सतपाल के पिता अर्जुन पलिया पिपरिया से विधायक रह चुके हैं। पार्टी प्रत्याशी का स्थानीय स्तर पर भी विरोध है।
  • ग्वालियर ग्रामीण से साहिब सिंह गुर्जर के टिकट का विरोध केदार सिंह कंसाना कर रहे हैं।
  • ग्वालियर से सुनील शर्मा को टिकट दिया है। इसके विरोध में सौरभ तोमर और योगेंद्र सिंह तोमर ने मोर्चा खोल दिया है।
  • सिरोंज में गगनेंद्र रघुवंशी को टिकट दिया है, यहां से टिकट के दावेदारों में सुरेंद्र उपाध्याय और रजत गौड़ समेत अन्य कार्यकर्ताओं में असंतोष है। ये दोनों टिकट के दावेदार थे।
  • गंजबासोदा से पूर्व विधायक निशंक जैन को टिकट दिया है, यहां से प्रहलाद रघुवंशी टिकट की दौड़ में थे। हालाकि उन्होंने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। यहां भाजपा ने पूर्व विधायक हरी सिंह को टिकट दिया है। यहां रघुवंशी खासी संख्या मे
  • शमशाबाद से सिंधु विक्रम सिंह को टिकट दिया है, यहां से इंदर यादव टिकट की दावेदारी कर रहे थे। शमशाबाद में यादव वोट बड़ी संख्या में है। यह सीट कांग्रेस पिछले 30 साल से नहीं जीती है।
  • पानसेमल में विधायक चंद्रभागा किराड़ा का विरोध कर रहे हैं। यहां से कांग्रेस के तीन बागी निर्दलीय मैदान में है। प्रकाश खेड़कर, रमेश चौहान और राजू पटेल निर्दलीय मैदान में है।
  • मनावर से हीरालाल अलावा उम्मीदवार है। यहां से राधेश्याम मुवेल टिकट की दौड़ में थे, निर्दलीय मैदान में है।
  • उज्जैन उत्तर में पूर्व महापौर माया त्रिवेदी को टिकट दिया है। विक्की यादव टिकट न मिलने से नाराज होकर आप में चले गए थे, लेकिन कांग्रेस में वापस आ गए हैं।

विंध्य के दो बड़े नेताओं के परिवार में टिकट काटे, यहां भी विरोध शुरू

विंध्य से दिग्गज नेता रहे (स्व. श्रीनिवास तिवारी और सुंदरलाल तिवारी) के परिवार से सिद्धार्थ और कविता पांडे का ​टिकट काट दिया गया है। कविता रीवा दावेदारी कर रहीं थी। त्योंथर से टिकट नहीं मिला तो सिद्धार्थ अब भाजपा के सिंबल पर लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *