हमारे मंत्रियों की इनकम 600% तक बढ़ी ! आम आदमी की केवल 52% …

MP में सीएम से ज्यादा धनवान कई मंत्री:5 साल में हमारे मंत्रियों की इनकम 600% तक बढ़ी, आम आदमी की केवल 52%

बीते 5 साल में मंत्रियों की संपत्ति में औसतन पौने पांच करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है

मध्यप्रदेश के मंत्रियों ने विधानसभा चुनाव के नामांकन के साथ अपनी आय का ब्योरा दिया है। इसके मुताबिक बीते पांच साल में मंत्रियों की इनकम 600% तक बढ़ी है। जबकि आम आदमी की आमदनी में महज 52% का इजाफा हुआ है।

भाजपा की ओर से 32 मंत्री चुनाव मैदान में हैं। पिछले पांच साल में इन मंत्रियों की संपत्ति में औसतन पौने पांच करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। कुछ मंत्रियों की संपत्ति तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी ज्यादा बढ़ी है। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह की संपत्ति 40 करोड़ रुपए से बढ़कर 84 करोड़ की हो गई है। वहीं, राजपरिवार से जुड़े बदनावर के राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के पास सबसे ज्यादा सोना-चांदी है। बमोरी प्रत्याशी मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और उनकी पत्नी के नाम पर चार लाइसेंसी शस्त्र हैं। इस दौरान गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की संपत्ति कम हुई है।

यहां यह भी बता दें कि पांच साल पहले 2018-19 में प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय औसतन 92 हजार रुपए थी। यह अब बढ़कर 1.40 लाख रुपए हो गई है।

दैनिक भास्कर ने सीएम सहित उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों की संपत्ति के पिछले विधानसभा चुनाव (2018) के समय दाखिल नामांकन और इस बार के नामांकन के ब्योरे के आधार पर तुलना की तो उनकी दौलत में चौंकाने वाला इजाफा सामने आया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट…

शिवराज से ज्यादा धनवान उनकी पत्नी साधना सिंह

सीएम शिवराज सिंह और उनकी पत्नी साधना सिंह के पास 2.25 लाख रुपए नकद हैं। ये पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में तीन गुना ज्यादा हैं। सीएम ने खुद की सुरक्षा के लिए रिवाल्वर भी ले रखी है। पांच साल में साधना सिंह ने 4 तोला सोना खरीदा है। सीएम शिवराज का बैंक बैलेंस 20 लाख से बढ़कर 96 लाख और साधना सिंह का 11 लाख से बढ़कर 71 लाख रुपए पहुंच गया है।

शिवराज की कुल संपत्ति 3.21 करोड़ और साधना सिंह की 5.41 करोड़ रुपए है। पांच साल पहले इस दंपती पर 1.10 करोड़ रुपए का कर्ज था, जो घटकर 68.72 लाख ही रह गया है।

दो मंत्री ऐसे, जिनकी संपत्ति घट गई

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की संपत्ति पांच साल में 1.72 करोड़ रुपए घट गई है। उनकी अचल संपत्ति भी कम हुई है। पिछली बार उनकी अचल संपत्ति 2.95 करोड़ रुपए थी, जो इस बार 75 लाख रुपए ही रह गई है। हालांकि, उनका 49 लाख रुपए का कर्ज इस दौरान चुका दिया है। उनके परिवार की कुल संपत्ति 5.15 करोड़ रुपए है।

इन मंत्रियों के नाम एक भी वाहन नहीं

पीडब्ल्यूडी जैसे अहम विभाग के मंत्री गोपाल भार्गव, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ला, भारत सिंह कुशवाहा, रामखेलावन पटेल, विजय शाह के नाम पर कोई वाहन नहीं है। अब आप सोच रहे होंगे कि इन करोड़पति मंत्रियों के पास वाहन क्यों नहीं है? इसका कारण यह है कि ये मंत्री फर्म के नाम से वाहन खरीदकर उपयोग करते हैं।

सीएम और उनके 28 मंत्रियों पर भारी कर्ज

मंत्रियों की बेशुमार दौलत के बारे में तो पढ़ लिया, अब उन पर कर्ज भी जान लीजिए। सीएम शिवराज सिंह और उनके 28 मंत्रियों पर भारी कर्ज है। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह पर सबसे ज्यादा 23 करोड़ रुपए का कर्ज है।

उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव पर आठ करोड़ से अधिक, गौरीशंकर बिसेन पर लगभग नौ करोड़ रुपए, स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग पर पौने छह करोड़ और कृषि मंत्री कमल पटेल पर लगभग पांच करोड़ रुपए का कर्ज है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, रामखेलावन पटेल और ओमप्रकाश सकलेचा पर कोई कर्ज नहीं है।

प्रेम की चार पत्नियां, बिसाहू के छह बेटे

नामांकन के दौरान मंत्रियों द्वारा जमा किए गए एफिडेविट में उनके परिवार के बारे में भी जानकारी है। बड़वानी से चुनाव लड़ रहे पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल की चार पत्नियां हैं। पटेल आदिवासी नेता हैं। आदिवासियों में एक से अधिक शादियां करने की छूट है। वहीं, अनूपपुर से चुनाव मैदान में उतरे मंत्री बिसाहूलाल के छह बेटे हैं।

पांच मंत्रियों के पास बेशुमार सोना-चांदी

राजपरिवार से आने वाले बदनावर प्रत्याशी एवं मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव और उनकी पत्नी के पास 3.50 किलो सोना और 70 किलो चांदी के जेवर-बर्तन हैं। चांदी के बर्तन ही 20 किलो वजन के हैं। वे चांदी के बर्तन में खाना खाते हैं। 5 साल पहले दत्तीगांव दंपती के पास 7 किलो सोना था, जो अब आधा रह गया है। सुरखी से प्रत्याशी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पास भी 20 किलो चांदी के जेवर और बर्तन हैं। इसमें 10 किलो के चांदी के बर्तन हैं। सोना 460 ग्राम ही है।

अनूपपुर से प्रत्याशी बिसाहूलाल और उनके परिवार के पास एक किलो से अधिक सोना व 15 किलो चांदी के जेवर हैं। कृषि मंत्री कमल पटेल के पास 1 किलो 165 ग्राम सोना तो 10 किलो चांदी के जेवर हैं। बृजेंद्र सिंह यादव के पास 300 ग्राम सोना तो 5 किलो चांदी के जेवर हैं।

लाइसेंसी शस्त्र कितनों के पास

सीएम और गृहमंत्री सहित दूसरे मंत्रियों ने खुद की सुरक्षा के लिए लाइसेंसी शस्त्र भी ले रखे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के पास रिवाल्वर है। सबसे अधिक 4 शस्त्र लाइसेंस महेंद्र सिंह सिसोदिया के पास हैं। उनके और पत्नी के नाम एक-एक बंदूक, रिवाल्वर, पिस्टल और राइफल हैं।

वन मंत्री विजय शाह और उनकी पत्नी के नाम दो बंदूक, एक राइफल व एक रिवाल्वर है। वहीं, विश्वास सारंग, प्रेम सिंह पटेल, इंदर सिंह परमार, रामखेलावन पटेल, रामकिशोर कांवरे, मीना सिंह, तुलसीराम सिलावट के पास कोई शस्त्र नहीं है।

तीन मंत्रियों पर गंभीर अपराध दर्ज

स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार हत्या के प्रयास में दोषी करार दिए जा चुके हैं। लोअर कोर्ट से सजा भी हो चुकी है। इस फैसले को उन्होंने हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में चुनौती दे रखी है। प्रकरण लंबित है।

इसी तरह सांवेर से प्रत्याशी तुलसी सिलावट पर धारा 144 के उल्लंघन का प्रकरण एमपी-एमएलए कोर्ट में लंबित है। महू की प्रत्याशी मंत्री उषा ठाकुर पर भी एक आपराधिक प्रकरण दर्ज है, जो कोर्ट में लंबित है। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव भी एक मामले में आरोपी हैं, जो कोर्ट में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *