काम को टालना, सफलता से दूरी बनाने जैसा है
काम को टालना, सफलता से दूरी बनाने जैसा है
- किताबों से जानिए, क्यों सफल होने के लिए आज से ही कर्म में जुट जाना चाहिए? क्यों सफलता के लिए कदम बढ़ाने से पहले अपनी सोच में बदलाव लाना जरूरी है?
सफलता के लिए आपको आज कर्म में जुटना होगा
हम सब जानते हैं कि बिना मेहनत किए हम सफल नहीं हो सकते। परंतु इसके बावजूद हम मेहनत से जी चुराते हैं। काम को टालते हैं। मूड न होने का बहाना बनाते हैं। समय या संसाधन की कमी का तर्क देते हैं। काम से जी चुराने का मूलभूत कारण यह है कि हम स्वभाव से आलसी होते हैं। यदि आप वाकई सफल होना चाहते हैं तो आज से ही कर्म में जुट जाएं और तब तक जुटे रहें जब तक कि आप सफल न हो जाएं। (टाइम मैनेजमेंट)
अपनी आर्थिक स्थिति को इस तरह बेहतर बनाएं
आर्थिक लक्ष्य बनाएं। यही आर्थिक लक्ष्य आपको निरंतर प्रेरित करेंगे कि आप बाहरी बल यानी अनुशासन का प्रयोग करके अपनी अवस्था बदल लें। आपकी आर्थिक स्थिति चाहे जैसी हो, अनुशासन का प्रयोग करके उसे हमेशा बेहतर कर सकते हैं। अनुशासन ही लक्ष्य और सफलता के बीच का पुल है। अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने का काम आपको करना है। अनुशासन में रहने और मेहनत करने की जिम्मेदारी आपकी है। (थिंक एंड ग्रो रिच)
निराशावादी सोच को बदलना जरूरी है
यह संभव नहीं है, यह नहीं हो सकता। ये वाक्य निराशावादी सोच के परिणाम हैं। ऐसे लोगों को हर चीज में नकारात्मकता दिखाई देती है। वे हमेशा काम करने न करने की दुविधा में रहते हैं। उनमें आत्मबल, आत्मविश्वास एवं उचित निर्णायक क्षमता का अभाव होता है। ऐसे लोगों को अपने सोचने के ढंग को बदलने की आवश्यकता है। सफलता के लिए कदम बढ़ाने से पहले अपनी सोच में बदलाव लाएं। (द पावर ऑफ पॉजिटिव एटिट्यूड)
स्वयं को व्यवस्थित कर आप खुशी महसूस करेंगे
स्वयं को थोड़ा व्यवस्थित कर, यदि आप आज का काम आज ही पूरा कर लें तो आप हल्का, प्रफुल्लित महसूस करेंगे। आपका व्य़वहार आत्मविश्वास से परिपूर्ण, मित्रों एवं रिश्तेदारों के साथ मधुर एवं आत्मीयतापूर्ण हो जाएगा। आपका स्वयं की योग्यता और क्षमता पर विश्वास बढ़ेगा। आपका सोचने का ढंग उद्देश्यपूर्ण एवं सकारात्मक हो जाएगा। आप अपने आप को सफलता के बहुत करीब महसूस करेंगे। (जीतना है तो जिद करो)