ग्वालियर प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा पर पार्षद टिकट के लिए 10 लाख और रात बिताने की डिमांड का आरोप
ग्वालियर में कांग्रेस की पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ महिला जिला अध्यक्ष ने पार्टी के प्रदेश महासचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने एसएसपी से शिकायत की है। उन्होंने कहा कि पार्षद टिकट के लिए प्रदेश महासचिव ने 10 लाख रुपए और अनैतिक मांग की थी।
महिला नेत्री ने आरोप लगाया कि 2021 से प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका कहना है कि शर्मा के करीबी पार्षद विकास जैन ने टिकट के लिए 10 लाख रुपए और शर्मा के साथ एक रात बिताने की शर्त रखी थी। मांग पूरी न करने पर टिकट नहीं दिया गया।
पीड़िता ने पार्टी के लेटर पैड पर अपनी व्यथा लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर वह एसपी कार्यालय में आत्मदाह कर लेंगी। महिला का आरोप है कि अब सुनील शर्मा अपने लोगों के जरिए उन्हें सामाजिक रूप से बदनाम कर रहे हैं।
दूसरी तरफ, कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यह राजनीतिक द्वेष के कारण षड्यंत्र के तहत लगाए गए आरोप हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।