प्रदेश में 9 कलेक्टर के हुए तबादले !

 जनसंपर्क संचालक अंशुल गुप्ता को भेजा विदिशा, प्रदेश में 9 कलेक्टर के हुए तबादले

मध्य प्रदेश सरकार ने 9 आईएएस अधिकारियों और 2 राज्य प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए हैं। उज्जैन और अशोक नगर के कलेक्टर हटाए गए। विदिशा और हरदा में नए कलेक्टर नियुक्त हुए हैं। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर इंदौर कलेक्टर को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

  1. 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए।
  2. उज्जैन, अशोक नगर के कलेक्टर हटाए गए।
  3. सिंहस्थ 2028 हेतु इंदौर कलेक्टर को प्रभार।

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने रविवार शाम को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इसमें दो कलेक्टरों को हटाने के साथ-साथ दो अन्य कलेक्टरों का तबादला किया गया है।

उज्जैन और अशोक नगर के कलेक्टरों को हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि विदिशा और हरदा में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इंदौर कलेक्टर को अतिरिक्त प्रभार दिया है। दो राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले भी किए हैं।

उज्जैन और अशोक नगर के कलेक्टर हटाए गए

  • उज्जैन के कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को हटाकर संचालक, परियोजना लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बनाया गया है। हाल ही में उनके शासकीय आवास पर पुलिस के पहुंचने के बाद पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया था, जिसके बाद से उनकी विदाई की अटकलें तेज थीं।
  • अशोक नगर के कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी को ईसागढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के बाद हटाया गया। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग का अपर सचिव नियुक्त किया गया है।

विदिशा और हरदा में नए कलेक्टर

  • विदिशा के कलेक्टर रौशन कुमार सिंह को अब उज्जैन का कलेक्टर बनाया गया है। मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले रौशन पूर्व में संचालक जनसंपर्क रह चुके हैं। जनसंपर्क संचालक अंशुल गुप्ता को विदिशा का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
  • हरदा के कलेक्टर आदित्य सिंह को हटाकर अशोक नगर का कलेक्टर बनाया गया है। उनकी जगह भोपाल के अपर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को हरदा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। हरदा में पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद आदित्य सिंह के तबादले की चर्चा थी।

सिंहस्थ के लिए अतिरिक्त प्रभारउज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ मेले की तैयारियों को देखते हुए इंदौर के कलेक्टर आशीष कुमार सिंह को सिंहस्थ मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह कदम मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू करने के लिए उठाया गया है।

अन्य तबादले और अतिरिक्त जिम्मेदारियां

  • अपर कलेक्टर इंदौर ज्योति शर्मा को देवास जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है, जबकि इस पद पर रहे हिमांशु प्रजापति अब औद्योगिक विकास निगम इंदौर के कार्यकारी संचालक होंगे। संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बसंत कुर्रे को अपर सचिव श्रम नियुक्त किया गया है।
  • प्रमुख सचिव गुलशन बामरा को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के सीईओ और राज्य नीति आयोग के सदस्य सचिव ऋषि गर्ग को इसके संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

राज्य प्रशासनिक सेवा में बदलावराजेश कुमार गुप्ता को संस्कृति विभाग का उप सचिव बनाया गया है, साथ ही उन्हें पर्यटन विभाग के उप सचिव का अतिरिक्त प्रभार मिला है। जबलपुर की संयुक्त कलेक्टर शिवांगी जोशी को महाप्रबंधक, मध्य प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम और अवर सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *