अल-फलाह यूनिवर्सिटी के मालिक को तलाश रही महू पुलिस ?
अल-फलाह यूनिवर्सिटी के मालिक को तलाश रही महू पुलिस
- दिल्ली धमाके का अल-फलाह विश्वविद्यालय से लिंक जुड़ा
- अल-फलाह यूनिवर्सिटी के मालिक तलाश रही महू पुलिस
- सिविल सर्विसेज परीक्षा में तीन बार इंटरव्यू तक पहुंचा था जवाद
महू (इंदौर)। दिल्ली कार धमाके में जिस अल-फलाह विश्वविद्यालय का नाम सामने आया है, उसके ट्रस्ट की स्थापना मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में स्थित महू नगर में की गई थी। यहां के निवासी जवाद अहमद सिद्दीकी ने महू में रहते करीब ढाई दशक पहले अल-फलाह ट्रस्ट बनाया था और चिट फंड कंपनी चलाया करता था।
पता लगा है कि जवाद धोखाधड़ी के आरोप लगने के बाद परिवार सहित फरार हो गया। इसके कुछ समय बाद ही उसने दिल्ली में अल-फलाह विश्वविद्यालय की स्थापना की।
पुलिस को नहीं मिली कोई जानकारी
महू के एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि जवाद के परिवार के बारे में महू नगर में स्थानीय कायस्थ मोहल्ले व आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की गई, पर अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। उसके महू और आसपास के लोगों से संपर्क तलाशे जा रहे हैं। कायस्थ मोहल्ले में उसका घर था, जो बहुत पहले बेच चुका है। यह भी पता चला है कि जवाद ने इंदौर में लंबे समय तक शिक्षण कार्य किया था।
