मप्र में 1लाख पार हुए कोरोना मरीज, अब तक 1900 मौत

भोपाल ।  मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में 2552 नए मरीज सामने आए, इसके साथ ही पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1 लाख 458 तक पहुंच गई। इस वायरस से शुक्रवार को प्रदेशभर में 24 लोगों की मौत भी हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 1901 तक पहुंच गई है। बीते 9 दिनों से लगातार 2 हजार से ज्यादा कोरोना के पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं, जिससे इस वायरस के संक्रमण का दायर लगातार बढ़ रहा है। भोपाल में टूटा रिकॉर्ड: इधर, राजधानी भोपाल में शुक्रवार को पहली बार 291 मरीज मिले हैं। इसके पहले 15 सितंबर को एक साथ 281 पॉजिटिव मरीज मिले थे। भोपाल में अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 14,703 तक पहुंच गई है। वहीं 352 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भोपाल में 12 हजार 354 तक पहुंच गई है।

PHE मंत्री एदल सिंह कंसाना संक्रमित 

पीएचई मंत्री एदल सिंह कंसाना भी शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वे अपने बंगले में होम आईसोलेट हो गए हैं। इसके अलावा मंदसौर से भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया और भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन नेताओं ने पिछले दिनों अपने संपर्क में आए हुए लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है। विधानसभा के 3 कर्मचारी भी संक्रमित : इधर, विधानसभा का एक दिवसीय सत्र 21 सितंबर को होने वाला है। इससे पहले ही विधानसभा के 3 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सीएम हाउस का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। चाइ इमली में रहने वाली आईएएस अधिकारी और वाल्मी की संचालक उर्मिला शुक्ला और उनके पति भी पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों होम आईसोलेट किए गए हैं।

सवनी डीएचओ डॉ. प्रभाकर का निधन

इधर, सिवनी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में डीएचओ के पद पर पदस्थ डॉ. प्रभाकर सिरसाम की कोरोना से मौत हो गई। डॉ. सिरसाम की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ बढ़ने लगी, जिसके बाद उन्हें जबलपुर रेफर किया गया था। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने मद तोड़ दिया।

 9 दिन से रोज 2000 से ज्यादा संक्रमित मिल रहे

प्रदेश में पिछले 9 दिनों से लगातार 2 हजार से ज्यादा पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। 10 सितंबर से लेकर अब तक कुल 21 हजार 266 मरीज पॉजिटिव निकले हैं, जबकि इसी अवधि के दौरान 261 मरीजों की कोरोना से जान भी गई है। हालांकि 17 हजार 102 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 21 हजार 605 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *