मध्य प्रदेश

ग्वालियर में फर्जी दस्तावेजों से 20 बीघा जमीन बेची !

ग्वालियर में फर्जी दस्तावेजों से 20 बीघा जमीन बेची:विश्वविद्यालय पुलिस ने अज्ञात महिला और गवाह सहित 12 पर मामला दर्ज किया

ग्वालियर के घाटीगांव तहसील में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक अज्ञात महिला ने अन्य लोगों के साथ मिलकर 20 बीघा कृषि भूमि बेच दी। भूमि की वास्तविक मालकिन की शिकायत पर विश्वविद्यालय पुलिस ने अज्ञात महिला सहित 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शारदा बिहार कॉलोनी निवासी सुधा सिंह पत्नी रामलखन सिंह सेंगर ने पुलिस को बताया कि मौजा ग्राम सेकरी, पटवारी हल्का नंबर 13 बन्हेरी, तहसील घाटीगांव, ग्वालियर में उनकी लगभग 20 बीघा कृषि भूमि है।

फर्जी दस्तावेज बनाकर बेची जमीन

सुधा सिंह के अनुसार, किसी अज्ञात महिला ने यह जानते हुए कि यह भूमि उसकी नहीं है, धोखाधड़ी से कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत किए। उसने ग्वालियर के रजिस्ट्रार कार्यालय में उपस्थित होकर उनकी जमीन बेच दी। जब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला, तो उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

12 आरोपियों पर मामला दर्ज

पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर धारा 420 सहित अन्य आपराधिक धाराओं में 12 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन आरोपियों में जमीन बेचने वाली अज्ञात महिला के साथ-साथ भूमि के क्रेता और गवाह भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है, उनमें जितेंद्र सिंह, उपेंद्र रावत, हेमंत रावत, मंगलसिंह रावत, छत्रपाल रावत, शैलेंद्र शर्मा, हाकिम सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह, अरविंद सिंह रावत, दिनेश सिंह, किरण बाई और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *