ग्वालियर में डॉक्टर के प्लॉट पर विवाद, गोलीबारी…पड़ोसी ने कब्जा करने चलाई गोलियां, दहशत !!!

एक डॉक्टर के खाली पड़े प्लॉट पर कब्जा करने के लिए पड़ोसी बदमाश ने झगड़ा कर गोलियां चला दीं। जब डॉक्टर के परिजन ने विरोध किया तो हमलावर ने अपने साथी बुला लिए और फिर गोलियां चला दीं। घटना शुक्रवार रात गोला का मंदिर कृष्णा नगर में मिश्रा हॉस्पिटल के पास की है। गोलीबारी में डॉक्टर के परिजन घायल होने से बच गए हैं।
गोलीबारी के बाद कृष्णा नगर में दहशत फैल गई थी। हमलावर खाली प्लॉट के पास ही रहता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया है। पुलिस ने डॉक्टर के भाई की शिकायत पर हमला करने वाले भानू गुर्जर व उसके दो अन्य साथियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
प्लाट पर कब्जे को लेकर विवाद
शहर के दीनदयाल नगर निवासी 39 वर्षीय सौरभ मिश्रा के भाई कुलदीप मिश्रा डॉक्टर हैं। उनका गोला का मंदिर कृष्णा नगर में हॉस्पिटल है। हॉस्पिटल के पास ही एक प्लॉट है, जो डॉक्टर कुलदीप व सौरभ मिश्रा का है। इस पर सौरभ ने ईंट रखवा दी थीं। शुक्रवार शाम को पास ही रहने वाला भानू गुर्जर आया और प्लॉट को अपना बताकर ईंट हटाने लगा। उसका कहना था कि यह प्लॉट उसका है। इस पर जब सौरभ ने विरोध किया तो भानू ने गालियां देना शुरू कर दिया। गालियां देने से रोका तो वह घर के अंदर गया और 315 बोर की राइफल उठा लाया। राइफल के साथ आते ही सौरभ मिश्रा को टारगेट कर गोलियां चला दीं। गोलीबारी से सौरभ और उसके परिवार की जान संकट में पड़ गई।
भानू ने बुलाए साथी फिर की फायरिंग
गालियां देने वा गोली चलाने के बाद भानू ने अपने साथियों को कॉल कर दिया। जिस पर दो बदमाश और आ गए। इसके बाद फिर गालियां देकर फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लिया है।
हॉस्पिटल में लगे CCTV कैमरे में भी दिखे बदमाश
जब डॉक्टर ने हॉस्पिटल के बाहर लगे CCTV कैमरे भी खंगाले तो उसमें पड़ोसी भानू गुर्जर व उसके साथी हंगामा करते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देख लिए हैं। साथ ही हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
मामले में टीआई गोला का मंदिर हरेन्द्र शर्मा का कहना है कि कृष्णा नगर में एक प्लॉट को लेकर पड़ोसी ने झगड़ा किया है। गोलियां चलाई गई हैं। एक नामजद सहित तीन आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।

