गाड़ियां बैन, रूट डायवर्ट, बार में चेकिंग… नए साल के जश्न पर दिल्ली में रहेंगी कई पाबंदियां!!!!
गाड़ियां बैन, रूट डायवर्ट, बार में चेकिंग… नए साल के जश्न पर दिल्ली में रहेंगी कई पाबंदियां; पढ़ें हर डिटेल
लाल किला हमले के बाद दिल्ली पुलिस ने नए साल पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। नई दिल्ली जिले में 600 से अधिक बार, पब और रेस्तरां के कारण भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख बाजारों में अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं। ऑपरेशन आघात 3.0 के तहत 3964 गिरफ्तारियां हुईं। 31 दिसंबर को कनॉट प्लेस में रात 8 बजे के बाद वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई होगी।
- नए साल पर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त।
- कनॉट प्लेस में 31 दिसंबर रात 8 बजे से वाहन प्रतिबंधित।
- बार, पब में आयु सीमा और शराब की जांच होगी।
नई दिल्ली। पिछले माह लाल किला के बाहर हुए आतंकी हमले को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नए साल पर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। नई दिल्ली जिला के कनॉट प्लेस व खान मार्केट मेें 600 से अधिक बार, पब, रेस्तरां व पांच सितारा होटल हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर से आने वाले लोगों की सबसे अधिक भीड़ इसी जिले में होती है।
इसे देखते हुए नई दिल्ली जिला में सुरक्षा के अधिक बंदोबस्त किए गए हैं। इसके अलावा हौजखास, खेल गांव, ग्रीन पार्क, साउथ एक्स, ग्रेटर कैलाश एम ब्लाक, साकेत, वसंत कुंज, वसंत विहार, महिपालपुर, ऐरो सिटी आदि प्रमुख बाजारों में अभी से अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती शुरू कर दी गई है।
31 दिसंबर की शाम सभी प्रमुख बाजारों में जरूरत के हिसाब से दिल्ली पुलिस की तैनाती की जाएगी। नए साल से पहले बदमाशों में खौफ पैदा करने के लिए ही दक्षिणी रेंज पुलिस ने ऑपरेशन आघात 3.0 चलाया है। दक्षिण व दक्षिण-पूर्वी जिले में 1700 जगहों पर छापा मार पुलिस ने 3964 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद से अन्य पुलिस ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
पीसीआर यूनिट को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। 31 की शाम से पीसीआर की गश्त बढ़ा दी जाएगी, जगह-जगह क्विक रिएक्शन टीम की भी तैनाती की जाएगी। सभी प्रमुख बाजारों में आवश्यकता अनुसार सड़कों के कोने, प्रवेश व निकासी वाली सड़कों पर मचान व मोर्चा बनाए गए हैं। पीए सिस्टम से लैस थाना पुलिस व ट्रैफिक पुलिस की जगह-जगह तैनाती रहेगी। – संजय त्यागी, दिल्ली पुलिस प्रवक्ता और एडिशनल पुलिस कमिश्नर
आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर कुछ संभावित जगहाें पर स्पेशल सेल के स्वाट दस्ता की तैनाती की जाएगी। सभी बार, पब, होटल व रेस्तरां के बाहर पुलिस की नजर रहेगी। आबकारी विभाग के अधिकारियों की टीमें भी बाजारों में रहेगी। वे बार व पब पर रखेंगे कि कहीं 25 साल से नीचेे आयु वर्ग के युवक को शराब तो नहीं परोसी जा रही है। निर्धारित समय व निर्धारित मात्रा आदि का उल्लंघन तो नहीं किया जा रहा है। आबकारी विभाग चालान कर सकेगा और दिल्ली पुलिस किसी तरह का उल्लंघन करने पर केस दर्ज करेगी।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि कनॉट प्लेस में 31 दिसंबर की रात आठ बजे के बाद वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली में जगह-जगह होने वाले नववर्ष के आगमन की तैयारियों को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी अपने स्तर से यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए तैयारी कर ली है। कई स्थानों पर वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा, तो कई मार्गों पर डायवर्जन होगा। इसके अलावा कई मार्केट और मार्गों पर वाहनों को खड़ा करने या रोकने की अनुमति नहीं होगी।
जश्न के माहौल में हुड़दंग मचाने वाले और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जगह-जगह यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात पुलिस द्वारा की जाने वाली ये व्यवस्थाएं 31 दिसंबर की रात आठ बजे से लागू हो जाएंगी।
-काली बाड़ी मार्ग
-पंडित पंत मार्ग
-भाई वीर सिंह मार्ग
-आकाशवाणी के पीछे रकाब गंज रोड पर पटेल चौक के पास।
-बड़ौदा हाउस तक कोपर्निकस मार्ग पर मंडी हाउस के पास।
-मिंटो रोड पर दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और प्रेस रोड क्षेत्र।
-पंचकुइयां रोड पर आरके आश्रम मार्ग, चित्रगुप्त रोड और बसंत रोड पहाड़ गंज की ओर।
-केजी मार्ग पर फिरोजशाह रोड के पास और केजी मार्ग से सी हेक्सागन तक।
-विंडसर प्लेस के पास
-राजेंद्र प्रसाद रोड
-रायसीना रोड

