Agritpatrikaदिल्ली

बंगाल में RSS का 5 पॉइंटर प्लान, हर हिंदू के घर तक पहुंचे BJP !!!!!

दलितों के साथ डिनर, हिंदुओं के खिलाफ हिंसा पर नजर
बंगाल में RSS का 5 पॉइंटर प्लान, हर हिंदू के घर तक पहुंचे BJP
6 फरवरी 2025, सरसंघचालक मोहन भागवत 10 दिन के पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संघ के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की और संगठन के भविष्य के रोडमैप पर बातचीत की। करीब 10 महीने बाद 18 दिसंबर को भागवत 4 दिन के लिए फिर बंगाल पहुंचे। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का जिक्र करते हुए हिंदुओं से एकजुट होने को कहा।

पश्चिम बंगाल में मार्च-अप्रैल तक विधानसभा चुनाव होने हैं। इस लिहाज से मोहन भागवत के ये दोनों दौरे काफी अहम हैं। चुनाव को लेकर RSS की क्या तैयारी है। ये हमें पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में संघ के स्वयंसेवक समझाते हैं।

वे बताते हैं, ‘पिछले साल फरवरी में बंगाल दौरे के वक्त संघ प्रमुख ने स्वयंसेवकों को अगले एक साल का टारगेट दिया था। इसमें VHP के कार्यकर्ता भी शामिल थे। मार्च 2026 तक स्वयंसेवकों को हिंदुओं के हर घर में दस्तक देनी है।’

‘हमें हर हिंदू के घर पहुंचना है। उसमें दलितों के घर तो सबसे पहले हैं। उनके साथ खाना-पीना है। एक दिन या रात साथ गुजारनी है। बीमारी में उन्हें अस्पताल पहुंचाना है। शादी ब्याह में मदद करनी है। अभी हमें यही आदेश मिला है। अप्रैल 2025 से लेकर अब तक मैं अपनी टीम के साथ 5000 से ज्यादा घरों में जा चुका हूं। कहीं कुछ घंटे रुके तो कहीं एक दिन या रात का प्रवास किया।’

18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक संघ प्रमुख मोहन भागवत पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहे। उन्होंने कहा कि संघ का मकसद हिंदू समाज को संगठित करना है, ये किसी के खिलाफ नहीं है।
18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक संघ प्रमुख मोहन भागवत पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहे। उन्होंने कहा कि संघ का मकसद हिंदू समाज को संगठित करना है, ये किसी के खिलाफ नहीं है।

पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर संघ की और क्या तैयारियां हैं, संघ के स्वयंसेवक किन एजेंडे पर काम कर रहे हैं। हमने RSS में अपने सोर्सेज से बात कर समझने की कोशिश की।

बंगाल में चुनाव से पहले हिंदुओं को क्या मंत्र दे रहा संघ

कोलकाता में एक संघ कार्यकर्ता ने हमें पूरा एजेंडा समझाया। वे कहते हैं, प्रखर या कहें प्रचंड हिंदुत्व, दलितों को जोड़ना, बांग्लादेश में हिंदुओं की हालत, घुसपैठ और ममता राज में महिलाओं पर क्रूरता। इन 5 मुद्दों पर हम घर-घर चर्चा कर रहे हैं। अब तक बंगाल के एक बड़े हिस्से में हम पहुंच भी चुके हैं।’

आप बंगाल के हिंदुओं को क्या मंत्र दे रहे हैं? ये पूछने पर वो हंसकर बताते हैं, ‘वही जो दुनिया के हर कोने में हिंदुओं के लिए है।

हिन्दुव: सोदरा: सर्वे, न हिन्दू पतितो भवेत्। मम दीक्षा धर्म रक्षा, मम मंत्र समानताः। मतलब सभी हिंदू एक-दूसरे के भाई हैं, कोई भी हिंदू पतित (नीच) नहीं है। मेरा संकल्प धर्म की रक्षा करना और मेरा मंत्र समानता है। इस मंत्र को उनके मन तक पहुंचाना है। हम हिंदू भाईचारे के इस मूलमंत्र को हर हिंदू तक खासतौर पर हर दलित तक पहुंचा रहे हैं।’

वे इस बात को और साफ करते हुए कहते हैं, ‘देखिए संघ चुनाव में किसी पार्टी के लिए सीधा प्रचार नहीं करता, लेकिन सबको पता है कि संघ और VHP किसके संगठन हैं। हमें चुनाव के पहले हर हिंदू और खासतौर पर दलितों को संदेश देना ही है कि हिंदू एकजुट नहीं रहे तो उनका हाल बांग्लादेश के हिंदुओं जैसा होगा।’

कुछ देर के मौन के बाद वे गंभीरता से कहते हैं, ‘आपको पता है कि बांग्लादेश की सीमा संदेशखाली से सिर्फ 15 किलोमीटर दूर है। बंगाल में संघ की सबसे एक्टिव विंग VHP है। इसलिए इस काम में उसके कार्यकर्ता सीधेतौर पर इन्वॉल्व हैं। हर टीम में स्वयंसेवक और VHP कार्यकर्ता साथ काम कर रहे हैं।’

पश्चिम बंगाल में RSS का एजेंडा, 5 पॉइंट्स में समझिए…

1. प्रचंड हिंदुत्व की बातें

दिसंबर में पश्चिम बंगाल पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- दुनियाभर के हिंदुओं को एकजुट होकर बांग्लादेशी हिंदुओं की मदद करनी होगी। भारत ही हिंदुओं का एकमात्र देश बचा है। भारत सरकार को भी बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर दखल देना चाहिए। मुझे लगता है कि सरकार शायद कुछ कर भी रही है।’

संघ प्रमुख की इस चिंता को RSS की बंगाल यूनिट के जनरल सेक्रेटरी जिश्नू बसु समझाते हुए कहते हैं, ‘बंगाल भी बांग्लादेश जैसा ही बनता जा रहा है। यहां के बुद्धिजीवी गाजा के हालात पर चिंता जताते हैं, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर कोई बात नहीं करता। ये कैसे बुद्धिजीवी हैं, जिन्हें हजारों किलोमीटर दूर गाजा की हिंसा दिखती है, लेकिन कुछ किलोमीटर दूर स्थित बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहा अत्याचार नहीं दिखता।’

वहीं बंगाल में RSS के जमीनी कार्यकर्ता कहते हैं, ‘हम बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की कहानी घर-घर तक पहुंचा रहे हैं। RSS बंगाल यूनिट के पदाधिकारी तो इसे अपने भाषणों और बयानों में दोहरा ही रहे हैं। सरसंघचालक कह चुके हैं कि बंगाल में जल्द ही कुछ और बड़े पदाधिकारियों का दौरा भी हो सकता है। ऐसे वे भी अपने प्रवास के दौरान इन बातों को यहां दोहराएंगे।’

वे आगे कहते हैं,

RSS पॉलिटिकल बातें नहीं करती है। हम ये नहीं बता सकते कि किस पार्टी को वोट दें, लेकिन हिंदू राष्ट्रहित में कैसी सरकार चुननी चाहिए, ये तो बता ही सकते हैं। राष्ट्रहित में ये बताना हमारा धर्म है कि हिंदुओं को एकजुट और चौकन्ना रहना होगा। बंटेंगे तो कटेंगे। दलित, आदिवासी और सवर्ण से पहले हम हिंदू हैं, यही हमारी पहचान है।

2. हिंदुओं को एकजुट करने की कोशिश

इसका मतलब RSS के एक साल के एजेंडे में बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार की कहानी पहुंचाना भी शामिल था। इस पर RSS के पदाधिकारी कहते हैं, ‘देखिए हमारा प्रमुख एजेंडा हिंदू एकजुटता है। उसका सबसे ताजा उदाहरण बंगाल में हिंदुओं पर हो रहा अत्याचार है। आम हिंदू भी इसे देख और सुन रहा है, तो अगर कहानी वहां से शुरू होगी तो ज्यादा समझ आएगी।

‘हम कहते हैं कि अगर बंगाल को बांग्लादेश बनाने से बचाना है तो हिंदुओं को अवेयर होना पड़ेगा। हमारे बीच ऊंच-नीच का भाव भुलाकर एकजुट होना होगा। बंगाल और बांग्लादेश ज्यादा दूर नहीं हैं। हमें अपनी पहचान बचानी होगी। हिंदू नस्ल बचानी होगी क्योंकि हम ही कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं।’

3. दलितों के घर उनके साथ खाने पर चर्चा

बंगाल में 30% से ज्यादा दलित हैं। यानी ये निर्णायक स्थिति में है। सोर्स बताते हैं, ‘फरवरी 2025 में RSS प्रमुख ने स्वयंसेवकों को दलित कम्युनिटी के बीच प्रमुखता से जाने को कहा था। उनके घर प्रवास करने और साथ भोजन करने की सलाह दी थी।

बशीरहाट के एक कार्यकर्ता इसे लेकर कहते हैं, ‘भागवत जी का संदेश साफ था कि हिंदू समुदाय की एकजुटता को ऊंच-नीच में बांटने की कोशिश हो रही है। दलितों और आदिवासियों के मन में ये भाव भरा जा रहा है। इसलिए हमें दलितों और आदिवासियों के भीतर कमजोर हो रहे हिंदुत्व के भाव को फिर से मजबूत करना होगा।’

‘इसलिए घर-घर जाने के अभियान में स्वयंसेवकों की लिस्ट में सबसे ऊपर दलितों के घर हैं। उनके घरों में कम से कम एक दिन या रात गुजारना हर स्वयंसेवक की लिस्ट में है। उनके दुख-सुख में हमें बराबरी से खड़ा होना है। ये पहल ऊंची जाति के सवर्ण स्वयंसेवक कर रहे हैं। वो दलितों के घर उनके कामकाज में जा रहे हैं। ये कोशिश है कि दलित उन स्वयंसेवकों के घर बराबरी से आएं।’

4. ममता राज में महिलाओं से क्रूरता पर बात

चुनाव से ठीक एक साल पहले RSS की बैठक के एजेंडे में चौथे नंबर पर महिलाओं के साथ ममता राज में हो रही हिंसा का मुद्दा है। बंगाल में RSS के एक आधिकारिक सोर्स ने बताया, ‘2022 में नदिया जिले में हुए गैंगरेप में TMC कार्यकर्ता का नाम आया और CM ममता उसके बचाव में उतर गईं।’

‘फिर आरजीकर रेप-मर्डर केस में भी ममता बनर्जी पीड़िता के पक्ष में नहीं दिखीं और एक्शन लेने में देरी हुई। इसके बाद सबसे ताजा मामला मालदा और मुर्शिदाबाद में दंगाइयों के आतंक का है, जिसकी सबसे ज्यादा शिकार महिलाएं हुईं। आरोप है कि ये दंगे वक्फ कानून के खिलाफ एक खास कम्युनिटी के लोगों ने किए थे।’

वे आगे कहते हैं कि बंगाल में हिंदू महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के खिलाफ हिंसा की एक लंबी लिस्ट है। हम घर-घर चर्चा में इस मुद्दे को भी उठा रहे हैं।

8 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर का रेप कर मर्डर कर दिया गया था। 20 जनवरी 2025 को सेशंस कोर्ट ने आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
8 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर का रेप कर मर्डर कर दिया गया था। 20 जनवरी 2025 को सेशंस कोर्ट ने आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

5. घुसपैठ पर संघ की चिंता

RSS बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर लगातार सख्त है। एक साल के एजेंडे की लिस्ट में घुसपैठ का मुद्दा भी शामिल किया गया था। बंगाल की जनता को डेटा से समझाया जा रहा है कि कैसे घुसपैठ से राज्य की डेमोग्राफी चेंज करने की साजिश चल रही है। इस कवायद का सिर्फ एक ही मकसद है, हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाना।

ममता के वोटों का गणित बिगाड़ने की भी तैयारी

इमोशनल मुद्दों के बाद वोटों के गणित की बारी आती है। ममता के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर के बाबरी मस्जिद के ऐलान को भी स्वयंसेवक CM ममता की चाल बता रहे हैं।

मुर्शिदाबाद के एक संघ कार्यकर्ता कहते हैं, ‘ममता बनर्जी लगातार हिंदुओं के सेंटिमेंट्स के साथ खेल रही हैं। हुमायूं कबीर के तौर पर उन्होंने मुस्लिम तुष्टिकरण और पोलराइजेशन का पासा फेंका। उनकी पार्टी में रहते हुए पिछले एक साल से वो लगातार बाबरी मस्जिद बनाने की बात कर रहा था। उस पर एक्शन तब लिया, जब हंगामा मचा।’

हालांकि अब तो मुस्लिम वोट बंट ही जाएगा न। इस पर जवाब मिला, ‘क्या खाक बंटेगा। हुमायूं को पहले भी पार्टी से निकाला गया था। फिर शामिल कर लिया गया था। चुनाव में अगर मुस्लिम वोटों के बंटने का डर होगा तो फिर उसे शामिल कर लेंगे।’ फिर वो धीरे से कहते हैं कि हालांकि अगर ये शामिल नहीं हुआ तो ममता का बड़ा नुकसान होगा।

25 नवंबर 2025 को पूर्व TMC विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद की नींव रखने का ऐलान किया था, जिसके बाद TMC ने उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था।
25 नवंबर 2025 को पूर्व TMC विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद की नींव रखने का ऐलान किया था, जिसके बाद TMC ने उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था।

बंगाल में BJP की स्थिति पर संघ का सर्वे जारी

बंगाल के सह प्रचार प्रमुख बिप्लव रॉय मस्जिद के मसले को सीधा काटते हैं। वे कहते हैं, ‘भारत में बाबरी मस्जिद अब दोबारा बन ही नहीं सकती। बाबर ने तो भारत पर हमला किया था। उसके नाम से मस्जिद कैसे बन सकती है। जो कह रहे हैं, उन्हें कहने दो। मैं कह रहा हूं कि इस नाम से मस्जिद नहीं बनेगी।’

बंगाल में BJP की क्या स्थिति है और संघ किन मुद्दों पर लोगों से सवाल पूछ रही या उन्हें टटोल रही है? बिप्लव रॉय जवाब में कहते हैं, ‘हम बेरोजगारी, राज्य की आर्थिक स्थिति, अस्पतालों की हालत, एजुकेशन, डेवलपमेंट पर लोगों से बात कर रहे हैं कि किन मुद्दों पर उन्हें असंतोष है।’

‘RSS फरवरी के पहले हफ्ते में अपनी रिपोर्ट सौंपकर बताएगी कि लोगों के बीच किन मुद्दों की चर्चा है। जनता किन मुद्दों को लेकर खफा है और सरकार से क्या आस लगाए हुए है। लोग सत्ताधारी दल के पक्ष में हैं या लहर उसके विरोध में है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *