भिंड में एमपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों पर फोकस !
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर भिंड जिले में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, सीसीटीवी, बैठक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने सबसे पहले पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नयागांव का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने परीक्षा कक्षों में फर्नीचर, टेबल-कुर्सी, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था एवं विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर बाउंड्री वॉल की ऊंचाई कम पाए जाने पर उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से तार फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित कक्षाओं का भ्रमण भी किया।
कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक तैयारियों की जानकारी ली और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इसके पश्चात कलेक्टर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ऊमरी पहुंचे, जहां उन्होंने परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यहां कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों से चर्चा कर उनके शिक्षा स्तर का आकलन किया तथा उन्हें मेहनत, लगन और एकाग्रता के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं में शेष समय का प्रभावी उपयोग कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को और मजबूत किया जाए। इसी क्रम में कलेक्टर ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भिंड का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, फर्नीचर, स्वच्छता, खेल मैदान एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया।
निर्माणाधीन वोकेशनल लैब का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि बोर्ड परीक्षाएं बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

