मध्य प्रदेश

ग्वालियर में मराठा बोर्डिंग को नगर निगम का नोटिस..1997 से बकाया 1.83 करोड़ !!

ग्वालियर में मराठा बोर्डिंग को नगर निगम का नोटिस:1997 से बकाया 1.83 करोड़ से अधिक का संपत्ति कर जमा करने को कहा, कार्रवाई की चेतावनी

ग्वालियर नगर निगम ने मराठा बोर्डिंग ट्रस्ट को 1 करोड़ 83 लाख रुपए से अधिक के संपत्ति कर के भुगतान के लिए नोटिस जारी किया है। निगम के अनुसार, ट्रस्ट ने 1997 से अब तक संपत्ति कर जमा नहीं किया है।

नोटिस में 1 करोड़ 83 लाख 92 हजार 718 रुपए की बकाया राशि का उल्लेख है। निगम ने ट्रस्ट को यह राशि 30 दिनों के भीतर जमा करने का निर्देश दिया है।

नगर निगम उपायुक्त प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मराठा बोर्ड ने 1997 से संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि निगम अधिकारियों ने कई बार नोटिस दिए, लेकिन बोर्डिंग की ओर से कोई पहल नहीं की गई।

श्रीवास्तव के अनुसार, 1997 में यह राशि 33 हजार 508 रुपए थी, जो अब बढ़कर करोड़ों में पहुंच गई है। यदि यह राशि जमा नहीं होती है, तो संपत्ति की कुर्की या अन्य संबंधित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्वालियर नगर निगम इन दिनों संपत्ति कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। हाल ही में जीवाजी विश्वविद्यालय को भी संपत्ति कर के संबंध में नोटिस दिया गया था, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने इसके निराकरण के लिए बैठक बुलाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *