ग्वालियर :एजी पुल-विक्की फैक्ट्री रोड…सिर्फ 72 अतिक्रमण नहीं हटा पा रहे अफसर!!!

ट्रैफिक लोड और शहर के एंट्री प्वाइंट को देखते हुए विक्की फैक्ट्री से एजी ऑफिस पुल तक की सड़क को 6लेन बनाने का प्रस्ताव जिला सड़क सुरक्षा समिति में तय होने के बाद तैयार हुआ है। जिस पर अफसर इस तर्क के साथ इंकार कर रहे हैं कि-6लेन सड़क निर्माण के लिए नगर निगम, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। यहां अतिक्रमण पाया गया। जिस कारण सड़क चौड़ीकरण में व्यवधान आएगा और 6 लेन सड़क के लिए जगह नहीं है।
हकीकत यह है कि सड़क का मौजूदा प्रस्तावित चौड़ीकरण सिर्फ 72 अतिक्रमण रोके हुए हैं। इस सड़क को 6 लेन किए जाने के लिए अतिक्रमण हटाने के साथ निजी जमीन का अधिग्रहण करना पड़ेगा। यदि अधिकारी इन अतिक्रमण को हटवा दें, तो इस सड़क पर एक लाख से अधिक लोगों को बड़ी राहत मिल जाएगी। लेकिन जिला प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी कार्यवाही करने की जगह इन अवैध कब्जों के आगे सरेंडर की भूमिका निभा रहे हैं।
ट्रैफिक लोड: झांसी, डबरा और शिवपुरी लिंक रोड से आते वक्त ये सड़क शहर की एंट्री रोड है। लेकिन इस पर विक्की फैक्ट्री से एंट्री लेते ही वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम और जर्जर सड़क का सामना करना पड़ता है। विक्की फैक्ट्री से एजी ऑफिस पुल तक करीब 4.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर रोजाना करीब एक लाख छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। यह सड़क न्यू सिटी सेंटर, ओहदपुर, नाका चंद्रबदनी, नहर वाली माता क्षेत्रों के लिए भी मुख्य रोड है।
संस्थान: एजी ऑफिस पुल से विक्की फैक्ट्री तक की ये सड़क शहर की सबसे अधिक व्यवसायिक एवं रिहायश क्षेत्र वाली रोड है। यहां 2 शासकीय कॉलेज, 3-4 बड़े मैरिज गार्डन, कई वाहन शोरूम, ट्रैफिक पुलिस थाना, सरकारी बस स्टैंड, कई अस्पताल और पुलिस थाना भी हैं। जिनकी वजह से रोजाना हजारों वाहन इस सड़क पर आवाजाही करते हैं। वहीं, संभागीय आयुक्त कार्यालय इसी क्षेत्र में बनने और विवेकानंद नीड्म आरओबी तैयार होने के बाद भी ट्रैफिक लोड लगातार बढ़ा हुआ है।
अब भी बिना कार्यवाही के बन रही व्हाइट टॉपिंग
इस 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क को व्हाइट टॉपिंग बनाने का काम शुरू हो गया है। ये काम भी अतिक्रमण हटाने के बाद ही किया जाना था। लेकिन अतिक्रमण न हटाते हुए आधी-अधूरी सड़क का काम शुरू कर दिया गया और अब बार-बार ये काम रुक रहा है। ठेकेदार ने विक्की फैक्ट्री से तपोवन के पास तक सिर्फ एक साइड की अधूरी व्हाइट टॉपिंग कर सड़क छोड़ दी है। जिससे वाहन चालकों की परेशानी और भी बढ़ी हुई है।
नोटिस की मियाद निकली, फिर भी कार्यवाही नहीं
इस सड़क पर 72 अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम द्वारा जारी अंतिम नोटिसों की मियाद बीते महीने निकल चुकी हैं। उसके बाद भी निगम अब तक इन अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही नहीं कर सका है। यहां के अतिक्रमणों को लेकर निगम अधिकारियों का लचर रवैया 2019-20 से चला आ रहा है। क्योंकि, इन अतिक्रमणों को उस वक्त सड़क चौड़ीकरण के लिए चिन्हित किया था। तब से अतिक्रमण नहीं हटा सका।
लोग खुद हटा रहे अतिक्रमण
पीडब्लूडी से समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोग खुद ही अतिक्रमण हटा रहे हैं। -संघ प्रिय, निगमायुक्त
6 लेन की प्रस्ताव जल्द तैयार होगा, निरीक्षण पूरा
एजी ऑफिस पुल से विक्की फैक्ट्री तक की सड़क को 6 लेन करने का प्रस्ताव कुछ दिन में तैयार हो जाएगा। निगम व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ हुए पहले निरीक्षण में सामने आया है कि अतिक्रमण व दूसरे निर्माणों के कारण मौके पर जगह कम है। – देवेंद्र सिंह भदौरिया, कार्यपालन यंत्री/ पीडब्ल्यूडी

