दिल्लीबिहार

5 ‘जयचंद’ कौन जिन पर तेज प्रताप ने लगाए आरोप?

5 ‘जयचंद’ कौन जिन पर तेज प्रताप ने लगाए आरोप? कोई राबड़ी देवी का ‘भाई’, कोई तेजस्वी का ‘सगा’

Tej Pratap Yadav News: तेज प्रताप यादव ने जिन पांच लोगों को जयचंद बताया है वे सभी आरजेडी से जुड़े हैं. कोई राज्यसभा सांसद है तो कोई पार्टी का मुख्य प्रवक्ता है. पढ़िए पूरी खबर.

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पांच ‘जयचंदों’ का खुलासा किया. इनमें ये सभी किसी न किसी तरह से आरजेडी से जुड़े हुए हैं. कोई राबड़ी देवी का मुंहबोला भाई है तो कोई तेजस्वी का ‘सगा’ है. जो पांच जयचंद हैं उनमें राज्यसभा सांसद संजय यादव, रमीज, शक्ति यादव, सुनील सिंह और मुकेश रोशन शामिल हैं. अब एक-एक कर जानिए कि आखिर ये सभी कौन हैं और आरजेडी से कैसे इनका नाता जुड़ा है.

पांच जयचंद में मुकेश रोशन का पहले नंबर पर नाम

तेज प्रताप यादव ने पांच जयचंदों में सबसे टॉप पर मुकेश रोशन का नाम रखा है. मुकेश रोशन वैशाली जिले के महुआ के रहने वाले हैं. महुआ विधानसभा सीट से 2020 में चुनाव जीते थे. 2015 में तेज प्रताप यादव महुआ से चुनाव जीते, लेकिन तेजस्वी यादव के वह काफी करीबी हैं जिसकी वजह से 2020 में महुआ विधानसभा क्षेत्र के लिए मुकेश रोशन को टिकट दिया गया था. 2025 में भी आरजेडी से मुकेश रोशन को टिकट दिया गया लेकिन यहां से तेज प्रताप यादव भी अपनी पार्टी से लड़े थे. ऐसे में इन दोनों की हार हो गई और एनडीए से एलजेपी (रामविलास) के संजय सिंह चुनाव जीत गए. 

तेजस्वी यादव के खास हैं संजय यादव

तेज प्रताप यादव ने जयचंद की लिस्ट में राज्यसभा सांसद संजय यादव को भी रखा है. ये तेजस्वी यादव के काफी  करीबी माने जाते हैं. जब तेजस्वी यादव ने क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा था उस वक्त से ही संजय यादव उनके करीबी हैं. संजय यादव रहने वाले हरियाणा के हैं, लेकिन बिहार की सबसे बड़े क्षेत्रीय पार्टी राष्ट्रीय जनता दल में उनकी काफी पकड़ है. कहा जाए तो तेजस्वी यादव राजनीति में कोई भी कदम उठाने के पहले संजय यादव से चर्चा करते हैं. संजय यादव को लेकर तेज प्रताप यादव पहले भी काफी कुछ बोलते रहे हैं. रोहिणी आचार्य भी संजय यादव पर काफी कुछ बोल चुकी हैं.

लिस्ट में यूपी के रमीज का भी नाम

लिस्ट में एक नाम रमीज का है. पहले रमीज की कोई चर्चा नहीं होती थी, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी की हार के बाद जब रोहिणी आचार्य गुस्से में घर छोड़कर चली गईं तो रमीज का नाम उन्होंने ही लिया था. अब तेज प्रताप यादव ने भी रमीज को जयचंद की श्रेणी में रखा है. रमीज का पूरा नाम रमीज नेमत खान है. उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. ये भी तेजस्वी के काफी करीबी बताए जाते हैं. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में रमीज की बड़ी भूमिका थी. खासकर सोशल मीडिया का सारा जिमा उन्हीं के पास था. 

तेज प्रताप यादव के निशाने पर सुनील सिंह भी हैं जो राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई हैं. वह आरजेडी से एमएलसी हैं. लालू परिवार के काफी करीबी माने जाते हैं. वे तेजस्वी यादव की हर बात में समर्थन करते हैं. 

एक नाम शक्ति सिंह यादव का भी है. ये भी आरजेडी के बड़े नेताओं में से एक हैं. अभी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हैं. नालंदा जिले के हिलसा प्रखंड क्षेत्र से आते हैं. 2015 के विधानसभा चुनाव में हिलसा विधानसभा से आरजेडी के टिकट पर चुनाव जीते थे, लेकिन 2020 और 2025 दोनों बार हार गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *