मध्य प्रदेश

रीवा में रेत का अवैध उत्खनन !

रीवा में रेत का अवैध उत्खनन
दिनदहाड़े किया जा रहा ट्रांसपोर्ट; नदी में गहरे गड्ढे बनने से हो रहे हादसे

रीवा जिले के त्योंथर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोहागी थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का काला कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। बेलन नदी में दिनदहाड़े कभी ट्रैक्टर, कभी भारी मशीनों और कभी नाव के सहारे रेत निकाली जा रही है और बेखौफ परिवहन किया जा रहा है।

हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ प्रशासन और खासतौर पर खनिज विभाग की आंखों के सामने हो रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नदारद है। स्थानीय नेता ललित मिश्रा ने इस पूरे मामले को लेकर सीधे तौर पर खनिज विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अवैध तरीके से रेत निकालने से नदी में गहरे गड्ढे बने

उनका कहना है कि अवैध रेत उत्खनन अब सिर्फ कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह जानलेवा बन चुका है। अनियंत्रित तरीके से रेत निकालने के कारण नदी के भीतर गहरे गड्ढे बन गए हैं और किनारों पर भूस्खलन की स्थिति पैदा हो रही है। नतीजा यह है कि नहाने या दैनिक उपयोग के लिए नदी में उतरने वाले ग्रामीण अचानक गहराई में चले जाते हैं और डूबने से उनकी मौत हो जाती है। मिश्रा इन मौतों को “दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही से हुई हत्याएं” बता रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध उत्खनन की शिकायतें बार-बार की गईं, लेकिन खनिज विभाग ने सिर्फ औपचारिकता निभाई। न तो मशीनें जब्त हुईं, न ही बड़े माफियाओं पर कार्रवाई हुई। इससे माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

हालांकि, पूरे मामले में अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अवैध रेत उत्खनन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं और संबंधित विभागों को जवाबदेह बनाने की बात कही है। हालांकि यह पहला मामला नहीं है। कई बार अवैध उत्खनन के मामले सामने आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *