AIIMS की महिला डॉक्टर के साथ रेप:एम्स के सीनियर डॉक्टर ने बर्थडे पार्टी में शराब पिला कर दुष्कर्म किया; केस दर्ज, आरोपी फरार

एम्स की महिला डॉक्टर ने सीनियर डॉक्टर पर बर्थडे पार्टी के दौरान रेप करने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। घटना के बाद से आरोपी डॉक्टर फरार है।

हौजखास पुलिस के मुताबिक पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि वह अपने एक साथी के बर्थडे पार्टी में आरोपी डॉक्टर के घर गई थी। इसी दौरान सीनियर डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना 10 अक्टूबर की है। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने पीड़ित महिला डॉक्टर के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

डॉक्टर ने महिला साथी को जबरदस्ती शराब पिलाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एम्स के लैब मेडिसन विभाग में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर है। वह परिवार के साथ हौजखास इलाके में रहता है। पीड़िता भी एम्स में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी डॉक्टर ने 10 अक्टूबर को अपने घर पर पार्टी दी थी।

आरोप है कि पार्टी में शराब भी परोसी गई थी। यहां पीड़िता को भी जबरदस्ती शराब पिलाई गई। नशे के हाल मे वह डॉक्टर के घर पर ही रुक गई। इसी दौरान आरोपी डॉक्टर ने वारदात को अंजाम दिया। अगले दिन जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी डॉक्टर ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद महिला ने केस दर्ज कराया।

अकोला में डॉक्टर ने मरीज के साथ किया रेप
इधर, महाराष्ट्र के अकोला में भी एक डॉक्टर के मरीज के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद मरीज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइन पुलिस थाना प्रभारी भानु प्रताप मडावी ने बताया कि अकोला में आई स्पेशलिस्ट डॉक्टर अनंत शेवाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी डॉक्टर ने इससे पहले भी पीड़ित के एक दोस्त के साथ रेप किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *