5 राज्यों की 690 सीटों पर चुनाव:ये हैं वे 13 सबसे हॉट सीट, जिन पर हुई जीत-हार पूरा देश जानना चाहेगा

देश के पांच राज्यों में 10 फरवरी से चुनाव शुरू होने जा रहे हैं। इनमें UP की 403, उत्तराखंड की 70, पंजाब की 117, मणिपुर की 60 और गोवा की 40 सीटें हैं, जिन पर वोटिंग होनी है। पार्टियों ने जीत-हार के लिए पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन कुछ सीटें ऐसी हैं, जिनके नतीजों की गूंज देशभर में सुनाई देगी, क्योंकि इनमें कहीं मौजूदा CM, कहीं पूर्व CM, कहीं बेटा-शिष्य तो कहीं सुपर कॉप रहे अधिकारी मैदान में है। 5 राज्यों की 13 सीटें चर्चा में क्यों हैं, जानिए। इन सीटों का हाल जानने के पहले पोल में शामिल होकर अपना मत भी जरूर दीजिए।

1. सीट : करहल, UP
हॉट क्यों : यहां से मुलायम सिंह के बेटे और पूर्व CM अखिलेश यादव के सामने मुलायम सिंह के शिष्य रहे एसपी सिंह बघेल हैं, जो BJP प्रत्याशी हैं। ऐसे में मुलायम के लिए यह मुकाबला बेटे और शिष्य के बीच हो गया है। यादव बहुल होने के चलते यह सीट सपा का गढ़ है, जबकि BJP ध्रुवीकरण करके यहां भगवा पताका फहराना चाहती है।

2. सीट : गोरखपुर सदर, UP
हॉट क्यों : इस सीट के बारे में कहा जाता है कि, यहां कोई जातीय समीकरण नहीं चलते। जिसके साथ गोरखनाथ मंदिर हो, वही प्रत्याशी जीतता है। CM योगी आदित्यनाथ पहली बार इस सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। यहां एक लाइन और फेमस है कि, ‘गोरखपुर में रहना है तो योगी-योगी कहना है।’ इस सीट पर योगी के खिलाफ भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण भी मैदान में हैं। ऐसे में यह चर्चा में है।

3. सीट : सिराथू, UP
हॉट क्यों : कौशांबी जिले में आने वाली इस सीट से डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, इन्हें टक्कर दे रही हैं, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन पल्लवी पटेल। मतलब मौर्य को अपनी ही पार्टी की नेता की बहन से चुनौती मिल रही है। पल्लवी को सपा का भी समर्थन है।

 

4. सीट : सरोजनीगर, UP
हॉट क्यों : यहां से सुपर कॉप कहे जाने वाले ED के पूर्व अधिकारी राजेश्वर सिंह BJP कैंडीडेट हैं। सपा ने भी सिंह को घेरने के लिए पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर प्रोफेसर अभिषेक मिश्रा को मैदान में उतारा है। राजेश्वर सिंह ने ED में रहते हुए 2-जी स्कैम से लेकर तमाम मामलों को उजागर करने में अहम भूमिका निभाई, इसलिए ये BJP की आंखों के तारे बन गए, लेकिन विपक्ष को उतना ही खटक रहे हैं।

5. सीट : कन्नौज, UP
हॉट क्यों : सपा का गढ़ माने जाने वाले कन्नौज में इस बार BJP ने असीम अरुण को प्रत्याशी बनाया है। असीम STF के चीफ रहे हैं। कानपुर के पुलिस कमिश्नर भी रहे। इनके पिता UP में DG रहे। ऐसे में इस सीट पर भी चुनाव रोचक हो गया है।

6. सीट : लालकुआं, उत्तराखंड
हॉट क्यों : कांग्रेस के सबसे कद्दावर नेता और पूर्व CM हरीश रावत यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। रावत के यहां से चुनाव लड़ने से BJP ने भी अपने संगठन की पूरी मशीनरी को यहां लगा दिया है, क्योंकि रावत कांग्रेस की तरफ से CM पद के दावेदार भी हैं। BJP की स्ट्रैटजी पर रावत ने कहा था कि, वह BJP के चक्रव्यूह में अभिमन्यु नहीं अर्जुन हैं।

7. सीट : खटीमा, उत्तराखंड
हॉट क्यों : इस सीट से CM पुष्कर सिंह धामी दो बार के विधायक हैं। धामी के CM बनने के बाद से ही ये सीट सियासी गलियारों में चर्चा में है। उत्तराखंड में भुवन चंद्र खंडूरी और हरीश रावत CM रहते हार चुके हैं और इस बार धामी की राह भी बहुत आसान नजर नहीं आ रही, क्योंकि साल 2012 की तुलना में 2017 में धामी को मिले वोटों का अंतर कम हुआ है।

8. सीट : पटियाला, पंजाब
हॉट क्यों : इस सीट को कांग्रेस का गढ़ कहा जाता है। पिछले एक दशक से यहां कांग्रेस का राज है, लेकिन इस बार गणित बदल गया है क्योंकि पटियाला सीट के सिटिंग MLA अमरिंदर सिंह इस बार कांग्रेस से उम्मीदवार नहीं है, बल्कि वे खुद की पार्टी बनाकर BJP के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। सिंह को पटियाला में घेरने के लिए कांग्रेस ने पूर्व मेयर विष्णु शर्मा को मैदान में उतारा है, जिससे हिंदू वोट पार्टी की तरफ आ सकें।

9. सीट : भदौर और चमकौर साहिब, पंजाब
हॉट क्यों : इन दोनों सीटों से पंजाब के CM और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव लड़ रहे हैं। चन्नी के दो सीटों से चुनाव लड़ने पर आप के अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था कि, हमारे सर्वे के मुताबिक चमकौन साहिब से चन्नी हार रहे हैं। पहले इस सीट पर अकाली दल और कांग्रेस के बीच जंग होती रही है, लेकिन इस बार आप भी मजबूत है। ऐसे में चुनाव रोमांचक हो गए हैं।

10. सीट : अमृतसर ईस्ट, पंजाब
हॉट क्यों : इसी सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी नवजोत सिंह सिद्धू हैं, तो शिरोमणी अकाली दल ने विक्रम सिंह मजीठिया को मैदान में उतारा है। BJP ने भी पूर्व IAS अधिकारी जगमोहन सिंह राजू को कैंडीडेट बनाया है। सिद्धू यदि हारते हैं तो उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को झटका लग सकता है। सिद्धू को घेरने के लिए BJP और कांग्रेस के साथ आप भी पूरा जोर लगा रही हे।

11. सीट : पणजी, गोवा
हॉट क्यों : गोवा में BJP को स्थापित करने वाले दिवंगत नेता मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर इस बार BJP के ही खिलाफ हैं, वो भी पणजी सीट से। वे निर्दलीय लड़ रहे हैं। यह सीट सालों से मनोहर पर्रिकर के पास रही है, लेकिन BJP को उत्पल की जीत पर संदेह था, इसलिए उन्हें यहां से उम्मीदवार नहीं बनाया गया, लेकिन उत्पल ने निर्दलीय मैदान में उतरकर BJP के लिए बड़ी परेशानी पैदा कर दी है।

12. सीट : मंडेरम, गोवा
हॉट क्यों : इस सीट से पूर्व CM और BJP के दमदार नेता रहे लक्ष्मीकांत पारसेकर मैदान में हैं। BJP ने उन्हें यहां से टिकट नहीं दिया तो वे निर्दलीय कैंडीडेट के तौर पर मैदान में हैं और उन्होंने BJP को चैलेंज देते हुए कहा है कि, यदि वे मंडेरम से हार गए तो राजनीति छोड़ देंगे। मनोहर पर्रिकर के साथ पारसेकर ही थे, जिन्होंने गोवा में BJP को आगे बढ़ाने में बड़ा रोल निभाया था।

13. सीट : कीसमथोंग, मणिपुर
हॉट क्यों : इंफाल वेस्ट में आने वाली इस सीट में साल 2017 में नेशनल पीपुल्स पार्टी जीती थी, लेकिन इस बार भारतीय रिपब्लिक पार्टी (आठवले) ने BJP से गठजोड़ न होने के चलते यहां से मणिपुरी फिल्म अभिनेता महेश्वर थोनोजम को मैदान में उतार दिया है। वहीं, मणिपुर के एक लोकल मीडिया समूह के मालिक भी मैदान में हैं। ऐसे में पूरे मणिपुर की निगाहें इस सीट पर हैं।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *